नालंदा में 16 साल की लड़की की हत्या से सनसनी, घर में घुसकर सिर में गोली मारी
नालंदा जिले के हरनौत में शुक्रवार सुबह घर में घुसकर एक 16 साल की लड़की की हत्या कर दी गई। उसे सिर में गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस को कमरे में देसी कट्टा भी रखा हुआ मिला। प्रथमदृष्ट्या मामला हत्या का लग रहा है लेकिन सुसाइड की बात से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

बिहार के नालंदा जिले से शुक्रवार को दिलदहलाने वाली घटना सामने आई। हरनौत के एक मकान में घर में घुसकर एक नाबालिग छात्रा की हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान लक्ष्मणपुर गांव निवासी वशिष्ठ नारायण की 16 साल की बेटी काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना सुबह 10 बजे के करीब हुई। उस समय लड़की घर में अकेली थी। सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रथमदृष्ट्या यह माममा हत्या का लग रहा है, लेकिन कमरे में ही देसी कट्टा मिलने से पुलिस हत्या या आत्महत्या के सस्पेंस में उलझी हुई है।
प्रखंड कार्यालय के पास वार्ड सात के एक मकान में शुक्रवार को कमरे में घुसकर सिर में गोली मार नाबालिग छात्रा की हत्या कर दी गयी। मृतका लक्ष्मणपुर गांव निवासी वशिष्ठ नारायण की 16 वर्षीया पुत्री काजल कुमारी है।
अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग चौंक गए। मकान मालिक कमरे में पहुंचे तो वहां की हालत देखकर सन्न रह गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी वहां पहुंचे। गोली छात्रा के सिर के ऊपरी हिस्से में लगी थी। कमरे में थोड़ी दूरी पर एक मेज पर देसी कट्टा रखा हुआ था।
जिस कमरे में यह घटना हुई, वहां का मंजर का भी भयावह था। गोली लगने से काजल के सिर का ऊपरी हिस्सा क्षत-विक्षत हो गया। कमरे में खून बिखरा हुआ नजर आया।
मृतका के दादा जनार्दन प्रसाद ने बताया कि काजल दो सालों से हरनौत में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता गुजरात में रेलवे में कार्यरत हैं। 22 मार्च को उसकी मां और एक बहन, भाई का इलाज करवाने के लिए अहमदाबाद गए थे। तब से छात्रा अकेली थी। शुक्रवार को पड़ोसियों ने उन्हें घटना की जानकारी दी।
फिलहाल इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल, नूरसराय सर्किल इंस्पेक्टर मनीष कुमार भारद्वाज और हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पटना से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। छात्रा के घर के आसपास सुबह में क्या गतिविधियां हुईं, इसका पता लगाया जा रहा है।
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। कमरे से कट्टा मिलने और चोट के निशान को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।




साइन इन