यूट्यूबर की जान बचाने वाले फल विक्रेता की हत्या; अपहरण कर पीटा, फिर गोली मारकर फेंका
बेगूसराय में एक वकील नाम के एक फल विक्रेता की बदमाशों ने अपहरण और पिटाई के बाद गोली मारकर हत्या कर दी, फिर शव को बहियार में फेंक दिया। आरोप है कि मछली विवाद में यूट्यूबर की जान बचाने से गुस्साए दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

Begusarai Murder: बिहार के बेगूसराय में यूट्यूबर की जान बचाने वाले फल विक्रेता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अपराधियों ने पहले अपहरण कर फल विक्रेता की बुरी तरह पिटाई कर दी। इसके बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर किल्ली गांव निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद वकील के रूप में हुई है। आरोपियों ने उसके शव को बदिया बहियार में फेंक दिया।
मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हत्या की शिकायत करने के लिए मृतक के परिजन जब जिला परिषद सदस्य के घर पहुंचे तो वहां उन पर हमला कर दिया गया। हमले में पीड़ित परिवार के आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए।
घायलों में मोहनपुर नयाटोला वार्ड चार निवासी किस्मत अली का पुत्र 30 वर्षीय मो. मनोवर, 42 वर्षीय मो. शमशेर, 38 वर्षीय मो. मुर्तुजा, 40 वर्षीय मो. नौशाद और 28 वर्षीय मो. शहनबाज आदि का नाम का शामिल है।
बचाई थी यूट्यूबर की जान
पीड़ित पक्ष की ओर से बताया जा रहा है कि फल विक्रेता वकील की हत्या आपसी रंजिश में की गई। पिछले दिनों एक पोखर में मछली को लेकर विवाद हो गया था। उस समय एक यूट्युबर की मोहनपुर के दबंग लोग हत्या करने पर उतारू हो गए थे। तभी स्थानीय लोगों ने उस यूट्यूबर को दबंगों से बचा लिया था। इससे मोहनपुर के दबंग क्रोधित हो गए थे।
हमले में जख्मी हुए शमशेर ने आरोप लगाया कि मौका मिलते ही दबंगों ने मो. वकील का अपहरण कर लिया। फिर उसकी पिटाई करने के बाद पैर में गोली मार दी गई। पिटाई और गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
शमशेर ने आरोप लगाया कि जब वकील की हत्या किए जाने की जानकारी मिली तो वे लोग जिला परिषद-27 की महिला पार्षद के पति के घर पर शिकायत करने पहुंचे। शिकायत करने के बाद पार्षद पति के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित पक्ष के 6 से अधिक लोग जख्मी हो गए। इस दौरान तीन हवाई फायर किए जाने की भी बात कही गई।
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। फिर बेगूसराय सदर अस्पताल में मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। इस हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
सदर एसडीपीओ-वन आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि फल विक्रेता की पिटाई के बाद गोली मारकर हत्या की गई है। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी। एसडीपीओ का कहना है कि अपराधी कितना भी बड़े या पहुंच वाला हो, पुलिस असली हत्यारे तक पहुंच मामले का खुलासा जल्द ही करेगी।
(बेगूसराय से निज संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन