24 घंटे में चार डिग्री चढ़कर पारा 40 पार, पछुआ ने झुलसाया
सबहेड :: चिलचिलाती धूप के बीच दोपहर में तेज पछुआ हवा से बनी रही

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। शहर में मौसम का मिजाज मंगलवार को अचानक काफी तल्ख हो गया। पारा सीधे चार डिग्री की छलांग लगाकर 40 डिग्री पार जा पहुंचा। साथ में तेज पछुआ हवा ने रही कसर पूरी कर दी। दोपहर में लू जैसी स्थिति बन गई थी। सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू जैसा सन्नाटा था। पैदल चलने वालों के अलावा वाहनों की संख्या भी सड़कों पर काफी कम रही। एक दिन पूर्व सोमवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री था जो मंगलवार को अचानक 40.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हद तो यह थी कि सुबह 9:00 बजे ही तापमान 38.9 डिग्री तक पहुंच गया था और शाम 5:00 बजे तक तापमान 40.5 डिग्री बना रहा।
तेज पछुआ हवा से सुबह 10 बजे से ही हीट वेब जैसी स्थिति बन गई। दिन चढ़ने के साथ मौसम तल्ख होता चला गया। हवा में नमी की मात्रा तेजी से घटकर 25 फीसदी पर पहुंच गई। इससे सुबह दस बजे से ही त्वचा झुलसाने वाली गर्मी का अहसास लोगों को होने लगा। दोपहर में लू के थपेड़ों ने जनजीवन को खूब झुलसाया। हालांकि न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आने से रात में कुछ राहत मिली। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों में अधिक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई। साथ ही सप्ताहांत में बादल छाने और हल्की बारिश के आसार भी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन