मुजफ्फरपुर में ट्रिपल मर्डर! मां और दो बच्चों के शव कमरे में मिले, पति के चचेरे भाइयों पर आरोप
मुजफ्फरपुर जिले के कांटी में एक महिला और दो बच्चों का शव कमरे से मिलने के बाद सनसनी मच गई। पति ने अपने चार चचेरे भाइयों पर मां-बच्चों की सामूहिक हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी फरार हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर से दिल दहलाने वाली खबर आई है। एक घर के कमरे में मां और उसके दो मासूम बच्चों के शव मंगलवार को कपड़े की रस्सी से बंधे हुए मिले। उनके गर्दन पर जख्म के निशान और नाक से खून भी बहता हुआ पाया गया। परिजन द्वारा पट्टीदर चचेरे भाइयों पर सामूहिक हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित बाझिला गांव की है।
मां और बेटे-बेटी के शव मिलने के बाद परिजन में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया। आसपास के गांवों में भी खबर आग की तरह फैल गई। मृतकों में मां रीता देवी (30), उसकी ढाई साल की बेटी वैष्णवी कुमारी और सात माह का बेटा रुद्र कुमार शामिल है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी, एसडीपीओ और कांटी थानेदार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। साथ ही मृतक के परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी ली। इस दौरान एफएसएल को भी बुलाया गया। पुलिस टीम ने शवों और पूरे कमरे की जांच कर कई साक्ष्य इकट्ठा किए। इसके बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर एसकेएमसीएच भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर जानकारी जुटा रही है।
शादी में गया था पति, कमरे का दरवाजा बाहर से बंद
पुलिस की पूछताछ में मृतका के पति संतोष कुमार साह उर्फ मिठाईलाल साह ने बताया कि सोमवार की रात वह अपने भाई के साथ गांव की ही एक बारात के साथ शादी समारोह में शामिल होने समस्तीपुर गए थे। रात करीब 10 बजे के आस-पास पत्नी से उनकी मोबाइल पर बातचीत हुई थी। तड़के 3 बजे जब वह घर लौटे तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला।

चचेरे भाइयों पर ट्रिपल मर्डर का आरोप
मिठाईलाल ने कहा कि जब दरवाजा खोलकर वह अंदर पहुंचे तो देखा कि उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों के शव पड़े हुए हैं। तीनों को एक रस्सी से बांधकर रखा गया था। उन्होंने अपने 4 चचेरे भाई और उनके परिवार वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पति ने बताया कि घर में घुसकर इस घटना को उनके पट्टीदारों ने ही अंजाम दिया है। उनका आरोपियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पति ने यह भी आरोप लगाया है कि सभी आरोपी उन्हें लगातार हत्या की धमकी दे रहे थे।
कमरे से बाहर सो रहे थे दो बच्चे
जानकारी के मुताबिक, मृतका के चार बच्चे थे। इसमें दो बेटा और दो बेटी शामिल हैं। घटना के वक्त सात साल की बेटी नित्या कुमारी और पांच साल का बेटा आदित्य कुमार दादी और दादा के साथ बाहर सोई थी। जबकि दूधमुंहा बच्चा रुद्र और एक बेटी वैष्णवी मां के साथ कमरे में थे। बगल के कमरे में गोतनी सोई थी। बताया जा रहा है कि इस घटना की घर में मौजूद परिवार वालों को भनक नहीं लग पाई।
दो महिलाएं हिरासत में, आरोपी फरार
फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। उन्हें थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, आरोपी चारों चचेरे भाई फरार बताए जा रहे है। उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। मां और मासूम बच्चों की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हो सकता है।
(मुजफ्फरपुर से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन