पटना में डीजे के दौरान चली गोली से लड़के की मौत; दीदारगंज में भी युवक की हत्या
घटना के बाद सोमवार को ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

पटना की एक बारात में धांय-धांय गोलियां चलीं। बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान बंदूक से निकली गोली ने एक लड़के की जान ले ली। वारदात के बाद बारात में हड़कंप मच गया। पटना में खुसरूपुर थाना के बैकठपुर मंदिर में रविवार की देर रात एक शादी समारोह का जश्न मातम में बदल गया। बारात के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दो आरोपितों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार की सुबह ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटनाक्रम का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार डुमरी गांव निवासी रामबाबू की बेटी की शादी रविवार की रात बैकठपुर मंदिर में होनी थी। यहां मंदिर में गांव के ही कुछ लड़के हथियार के साथ डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी बीच कुछ लड़के हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी दौरान एक गोली बारात में डांस कर रहे डुमरी निवासी पप्पू यादव के 16 वर्षीय पुत्र रवि को लग गई।
आनन-फानन में गंभीर घायल रवि को फतुहा लाकर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।इलाज के दौरान देर रात किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद सोमवार को ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है, परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया है।
पटना सिटी में गोली मारकर युवक की हत्या
इधर पटना के ही पटना सिटी दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार की शाम घात लगाए बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुनपुन नदी के किनारे सड़क पर युवक की हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसके पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने घटनास्थल पर निरीक्षण किया। फतुहा डीएसपी अवधेश कुमार ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने करीब 27 साल के युवक की गोली मार कर हत्या कर दी है। मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।




साइन इन