Muzaffarpur Airport will not be operational in 2026 it take 15 months to complete runway terminal 2026 में नहीं चालू होगा मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट, रनवे और टर्मिनल तैयार होने में ही लग जाएंगे 15 महीने, Bihar Hindi News - Hindustan
More

2026 में नहीं चालू होगा मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट, रनवे और टर्मिनल तैयार होने में ही लग जाएंगे 15 महीने

बिहार के मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट को उड़ान योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। यहां से 19 सीटर वाले छोटे विमानों का संचालन किया जाएगा। पताही में स्थित पुराने हवाई अड्डा पर टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण और रनवे विस्तार का टेंडर निकल चुका है। 

Sun, 22 Feb 2026 11:08 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share
2026 में नहीं चालू होगा मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट, रनवे और टर्मिनल तैयार होने में ही लग जाएंगे 15 महीने

मुजफ्फरपुर के लोगों को हवाई सेवा के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। इस साल यानी 2026 में मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू नहीं हो पाएंगी। मुजफ्फरपुर के पताही हवाई अड्डा के पुनर्विकास के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने दो अलग-अलग टेंडर निकाले हैं। इनमें टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण से लेकर रनवे विस्तार तक का काम किया जाना है। इस काम में लगभग 15 महीने का समय लगेगा। ऐसे में, मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट सेवा अगले साल यानी 2027 तक ही शुरू हो पाएगी, पहले सरकार ने 2026 में ही इसे चालू करने का दावा किया था।

एएआई ने पिछले दिनों मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के लिए दो अलग-अलग टेंडर निकाले। पहले चरण में टर्मिनल भवन, अग्निशमन केंद्र, एटीसी टावर, अंडरग्राउंड संप हाउस जैसे निर्माण कार्य किए जाएंगे। इसकी लागत 28.58 करोड़ रुपये है। वहीं, दूसरे चरण में रनवे विस्तार, इमरजेंसी रोड, विमानों के लिए पार्किंग स्थल जैसे कार्यों को किया जाएगा, जिसकी लागत 43.13 करोड़ रुपये है। पहले चरण का टेंडर 27 फरवरी को खुलेगा, जबकि दूसरा 27 मार्च को खुलेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार से सीधे अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट मिलेगी, कैसा होगा सोनपुर एयरपोर्ट

बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने तक इन कार्यों के लिए एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सरकार ने रनवे विस्तार और टर्मिनल भवन के निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 11 से 12 महीने की टाइमलाइन तय की है। अगर इस साल अप्रैल-मई में भी कार्य शुरू होता है तो मई 2027 से पहले यह कार्य पूर्ण नहीं हो पाएगा। ऐसे में इसे शुरू होने में अभी से लगभग 15 महीने का समय लगना तय है।

सम्राट चौधरी ने कहा था- 2026 में चालू हो जाएगा मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट

दरअसल, मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट बिहार में चुनावी मुद्दा रहा है। पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने इस हवाई अड्डा को 2026 में ही चालू करने की बात कही थी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने जून 2025 में मुजफ्फरपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि शहर के लोगों को 2026 में हवाई सेवा की सुविधा मिल जाएगी। फिर नवंबर में हुए चुनाव के दौरान भी स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा छाया रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उम्मीद की उड़ान; नीतीश के सामने सम्राट बोले- पताही एयरपोर्ट 2026 में चालू होगा

बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद राज्य में नई सरकार का गठन भी हो गया। जनवरी 2026 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। तब उनके कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने दोबारा ऐलान किया कि हर हाल में इसी साल (2026 में) मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से विमान सेवा चालू कर दी जाएगी।

19 सीटर वाले विमानों का होगा संचालन

हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अब कहा जा रहा है कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट 2027 तक शुरू किया जाएगा। यहां से 19 सीटर वाले छोटे विमानों का संचालन होगा। इस हवाई अड्डा के चालू होने के बाद उत्तर बिहार के लोगों को दरभंगा के बाद दूसरा विकल्प मिल जाएगा। मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर समेत आसपास जिले के लोगों को पटना या दरभंगा जाकर फ्लाइट पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:1300 मीटर लंबा रनवे, नया टर्मिनल; मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट पर 72 करोड़ के टेंडर निकले

57 साल बाद शुरू होगा पताही हवाई अड्डा

मुजफ्फरपुर का पताही एयरपोर्ट साल 1970 से बंद है। अब सरकार इसे पुनः चालू कर रही है। केंद्र सरकार ने इसे क्षेत्रीय संपर्कता योजना उड़ान में शामिल किया था। इसके बाद एएआई ने इसका सर्वे किया और जीर्णोद्धार की दिशा में कदम उठाए। 2027 में चालू होने के बाद यहां 57 साल बाद विमान फिर से उड़ने लगेंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।