Direct flights from Bihar to USA UK Australia Sonpur airport will be like Dubai Sharjah बिहार से सीधे अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट मिलेगी, दुबई-शारजाह जैसा होगा सोनपुर एयरपोर्ट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार से सीधे अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट मिलेगी, दुबई-शारजाह जैसा होगा सोनपुर एयरपोर्ट

पटना के पास सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा को 2030 तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह पूर्वी भारत का सबसे बड़ा हब होगा। बिहार से सीधे अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और यूरोपीय देशों की फ्लाइट मिल सकेगी।

Sat, 21 Feb 2026 11:39 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार से सीधे अमेरिका-ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट मिलेगी, दुबई-शारजाह जैसा होगा सोनपुर एयरपोर्ट

आने वाले एक दशक के भीतर बिहार से सीधे अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड जैसे देशों के लिए सीधी फ्लाइट मिल सकेगी। पटना के पास सारण (छपरा) जिले के सोनपुर में ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के जमीन अधिग्रहण को नीतीश सरकार ने मंजूरी दे दी है। सारण से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि सोनपुर एयरपोर्ट एशिया का प्रमुख एविएशन हब बनेगा। यहां से बड़े कोड-ई विमान भी उड़ सकेंगे, जो दुबई, शारजाह और दिल्ली जैसे शहरों के हवाई अड्डों पर ही लैंड करते हैं।

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके रूडी का कहना है कि सोनपुर एयरपोर्ट उनका सपना था, जिसे वे एक दशक से देख रहे थे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट को 2020 में ही मंजूरी दे दी थी। इससे पहले एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सोनपुर हवाई अड्डा के लिए प्री-फिजिबिलिटी असेसमेंट किया। साथ ही दो महीने में ऑब्सटेकल लिमिटेशन सर्वे (ओएलएस) पूरा किया था। इस काम में आमतौर पर 7-8 साल लग जाते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सोनपुर एयरपोर्ट की जमीन खरीद को मंजूरी, पटना में गंगापार हवाई अड्डा बनाएगी सरकार

राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि सोनपुर एयरपोर्ट पूर्वी भारत का सबसे बड़ा हब होगा। यहां से बिहार ही नहीं बल्कि पश्चिम बंगाल, उत्तर-पूर्व भारत के अलावा पड़ोसी देश नेपाल एवं भूटान के लोगों को भी यूरोप, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया तक सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। क्षेत्रफल की दृष्टि से यह दिल्ली, नवी मुंबई, बेंगलुरु, मोपा, भोगापुरम जैसे कई प्रमुख हवाई अड्डों से भी बड़ा होगा।

बता दें कि नीतीश कैबिनेट ने शुक्रवार को सोनपुर में ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के लिए लगभग 4200 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी। इसके लिए सरकार ने 1302 करोड़ रुपये का बजट का प्रावधान किया है। यह एयरपोर्ट बिहार की राजधानी पटना से 15 किलोमीटर की दूरी पर गंगा नदी के उत्तरी छोर पर बनाया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:1300 मीटर लंबा रनवे, नया टर्मिनल; मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट पर 72 करोड़ के टेंडर निकले

सरकार हाजीपुर और डुमरिया के बीच दरियापुर चंवर क्षेत्र में जमीन का अधिग्रहण करेगी। सोनपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सबकुछ ठीक रहा तो आने वाले पांच सालों में यह एयरपोर्ट चालू कर दिया जाएगा।

इस क्षेत्र में यह पहला ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट होगा। अभी पटना में जय प्रकाश नारायण हवाई अड्डा है, जहां से देश के विभिन्न शहरों से फ्लाइट मिलती है। इसका रनवे छोटा होने की वजह से यहां बड़े विमान नहीं उतर सकते हैं। पटना के पास बिहटा में वायुसेना बेस पर भी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जा रहा है, हालांकि यह भी ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा नहीं है। सोनपुर एयरपोर्ट को सरकार सभी आधुनिक सुविधाओं और तकनीक के साथ एकदम नए सिरे से निर्माण करेगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:12000 फीट लंबा रनवे, 90 एकड़ जमीन; संसद में दरभंगा एयरपोर्ट के लिए उठी यह मांग
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।