Samrat Choudhary tells before CM Nitish Muzaffarpur Airport will be operational in 2026 उम्मीद की उड़ान; सीएम नीतीश के सामने सम्राट बोले- मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट 2026 में चालू होगा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

उम्मीद की उड़ान; सीएम नीतीश के सामने सम्राट बोले- मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट 2026 में चालू होगा

सम्राट चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर हवाई अड्डा से इसी साल उड़ान शुरू होगा। इसके लिए काम किया जा रहा है। पताही हवाई अड्डा के रनवे के जीर्णोद्धार के लिए 40 करोड़ की निविदा निकाली जा चुकी है।

Sat, 24 Jan 2026 10:36 AMSudhir Kumar हिन्दुस्तान
share
उम्मीद की उड़ान; सीएम नीतीश के सामने सम्राट बोले- मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट 2026 में  चालू होगा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बार फिर यहां से हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीदों को परवान चढ़ा दिया। उन्होंने जन संवाद को संबोधित करते हुए इस साल हर हाल में पताही से हवाई सेवा शुरू होने की घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए प्रयास नहीं, अब काम किया जा रहा है। पताही हवाई अड्डा के रनवे के जीर्णोद्धार के लिए 40 करोड़ की निविदा निकाली जा चुकी है। जल्द ही उसे पूरा कर अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा, ताकि इस साल यहां से उड़ान शुरू किया जा सके।

उन्होंने कहा कि विकास के लिए फंड की कमी नहीं है। कहा कि 2005 से पहले की सरकार का बजट केवल 23 हजार करोड़ का होता था, जो अब बढ़कर 3.17 लाख करोड़ हो गया है। इसके लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि अब डबल इंजन की सरकार बेहतर कर रही है।

मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट की हवाई पट्टी छोटी है। इसके विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। आसपास के कई गांवों को शिफ्ट होना पड़ सकता है। जिले से हवाई सेवा की शुरुआत मुजफ्फरपुर का चुनावी मुद्दा है जिसे हर उम्मीदवार पूरा करने का वादा करता है। पीएम नरेंद्र मोदी भी हवाई अड्डा मैदान में चुनावी जनसभा के दौरान इसे जल्द शुरू करने का वादा कर चुके हैं। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा इसे चालू कराने की बात करते रहते हैं। लेकिन, पताही से उड़ान का सपना अबतक पूरा नहीं हो सका।

मेट्रो के लिए राइट्स बना रही डीपीआर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में मेट्रो सेवा के लिए डीपीआर बनाने का काम शुरू किया जा चुका है। इसकी जवाबदेही रेलवे की कंपनी राइट्स को दी गई है। उन्होंने कहा कि बूढ़ी गंडक के बांध पर मुशहरी से समस्तीपुर के पूसा तक सड़क बनाई जाएगी। इससे दोनों जिलों के बीच आवागमन में और सुविधा हो जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।