रातभर बिजली कटौती से फूटा जनाक्रोश, अभियंता का पुतला फूंका
जमालपुर में बिजली कटौती और आपूर्ति में भेदभाव के खिलाफ फरीदपुर में प्रदर्शन हुआ। वार्ड पार्षदों के नेतृत्व में नागरिकों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि नगर परिषद के वार्डों को नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और आपूर्ति में भेदभाव के आरोपों को लेकर मंगलवार को फरीदपुर में जनता का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। वार्ड पार्षदों के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विद्युत अधीक्षण अभियंता, मुंगेर का पुतला दहन किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे वार्ड पार्षद राकेश कुमार ने कहा कि नगर परिषद के वार्ड संख्या 28 से 34 तक पहले सफियाबाद ग्रीड से बिजली आपूर्ति होती थी, लेकिन अब इन सभी क्षेत्रों को रामचंद्रपुर ग्रामीण ग्रिड से जोड़ दिया गया है।
आरोप है कि पीक टाइम में रामचंद्रपुर ग्रिड की 33 हजार वोल्ट लाइन को बंद कर दिया जाता है, जिससे शाम के समय तीन-तीन घंटे तक बिजली गायब रहती है। पार्षद राकेश तिवारी ने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बिजली कटौती से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने मांग की कि विभाग तत्काल इन वार्डों को पुन: सफियाबाद ग्रिड से जोड़कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करे। वहीं पार्षद प्रतिनिधि गौतम आजाद, दीपक साह और दिलीप तांती ने कहा कि भीषण गर्मी में रात्रि के समय घंटों बिजली कटौती से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। इस मौके पर नवल कुमार, पंकज कुमार पंकज, आलोक कुमार, सोनू कुमार, प्रेम कुमार, सुधीर कुमार, विपिन गुप्ता, दिनेश कुमार मंडल, प्रशांत कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन