नारी अपना अपमान कभी नहीं भूलती : राधा मोहन
मोतिहारी में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा जन आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन किया गया। सांसद राधामोहन सिंह ने सम्मेलन में नारी सम्मान और अधिकारों की बात की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों का अपमान करने वाले नेताओं को सजा मिलेगी। इस कार्यक्रम में हजारों महिलाएं शामिल हुईं।

मोतिहारी, निप्र। मोतिहारी में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से शनिवार सुबह जन आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन किया गया। इसमें सांसद राधामोहन सिंह शामिल हुए। पदयात्रा शहर के चरखा पार्क से शुरू होकर राजेंद्र नगर भवन तक पहुंची। इसमें भारी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। इसके बाद राजेन्द्र नगर भवन में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से जन आक्रोश महिला सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसे संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने कहा का कि यह जन आक्रोश महिला सम्मेलन केवल एक सभा नहीं है, बल्कि यह नारी सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान की आवाज़ है। यह वह आवाज़ है, जिसे लंबे समय से दबाने की कोशिश की गई।
लेकिन आज यह आवाज़ पूरे जोश और ताकत के साथ उठ रही है। जब नारी हित का प्रस्ताव गिरा तो विपक्षी पार्टियां तालियां बजा रही थीं।महिलाओं से उनके अधिकार छिनकर ये लोग मेजें थपथपा रहे थे। उन्होंने जो किया वो केवल टेबल पर थाप नहीं थी, वो नारी के स्वाभिमान पर उसके आत्मसम्मान पर चोट थी और नारी सब भूल जाती है, अपना अपमान कभी नहीं भूलती। इसलिए संसद में कांग्रेस और उसके सहयोग के उन सबके व्यवहार की कसक हर नारी के मन में हमेशा रहेगी।देश की नारी जब भी अपने क्षेत्र में इन नेताओं को देखेगी, तो वो याद करेगी कि इन्हीं लोगों ने, संसद में महिला आरक्षण को रोकने का जश्न मनाया और खुशियां मनाई थीं। संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन का जिन दलों ने विरोध किया है, उनसे वे दो टूक कहेंगे कि, ये लोग नारी शक्ति को फॉर ग्रांटेड ले रहे हैं, वो ये भूल रहे हैं, कि 21 वीं सदी की नारी देश की हर घटना पर नजर रख रही है, वो उनकी की मंशा भांप रही है और सच्चाई भी भली भांति जान चुकी है। इसलिए महिला आरक्षण विरोध करके जो पाप विपक्ष ने किया है, इसकी उन्हें सजा जरूर मिलेगी । इन दलों ने संविधान निर्माताओं की भावनाओं का भी अपमान किया है और जनता द्वारा इसकी सजा से भी वो बच नहीं पाएंगे। संचालन महिला मोर्चा की महामंत्री रंजना श्रीवास्तव ने किया। जिला सह मीडिया प्रभारी सुधीर कुमार गुप्ता के अनुसार, इस अवसर पर स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार, उप महापौर डॉ लालबाबू प्रसाद, जिलाध्यक्ष पवन राज, उपाध्यक्ष मीना मिश्रा, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, महामंत्री ऊषा गुप्ता, डॉ हेना चन्द्रा, उपाध्यक्ष संध्या वर्मा व नीलम देवी, प्रदेश नेत्री संगीता चित्रांश व पुतुल पाठक सहित अन्य महिला पदाधिकारीगण एवं हजारों महिलाएं मौजूद रहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन