Motihar hooch tragedy One dead Two hospitalised poisonous liquor raids Underway to Nab Supplier मोतिहारी में जहरीली शराब कांड से एक की मौत, दो लोग बीमार; उच्च स्तरीय जांच के आदेश, सप्लायर की तलाश में छापेमारी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मोतिहारी में जहरीली शराब कांड से एक की मौत, दो लोग बीमार; उच्च स्तरीय जांच के आदेश, सप्लायर की तलाश में छापेमारी

मोतिहारी के रघुनाथपुर में कथित जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अवैध शराब के सप्लायर की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Thu, 2 April 2026 05:33 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, मोतिहारी
share
मोतिहारी में जहरीली शराब कांड से एक की मौत, दो लोग बीमार; उच्च स्तरीय जांच के आदेश, सप्लायर की तलाश में छापेमारी

शराबबंदी वाले बिहार के मोतिहारी में एक बार फिर जहरीली शराबकांड की आहट सुनाई दे रही है। पूर्वी चंपारण जिले के रघुनाथपुर इलाके में कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम भी एक्टिव हो गई है। शराब सप्लाई करने वाले धंधेबाज की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

मृतक की पहचान चंदू के रूप में हुई है। वहीं, बीमार बताए जा रहे लोहा ठाकुर और जितेंद्र साह का एक सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ जोरवाल ने कहा कि प्रारंभिक जांच में जहरीली शराब कांड के संकेत मिल रहे हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही शराब के सेवन से मौत की पुष्टि हो सकेगी।

मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार को कहा कि पुलिस ने शराब सप्लाई करने वाले शख्स की पहचान कर ली है। पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार करेगी। जिला पुलिस और एंटी लिकर टास्क फोर्स की टीम परसौनी, मुशहरी टोला और तुर्कोलिया में तलाशी अभियान चला रही है। इस घटना की उच्च स्तरीय जांच का आदेश भी दे दिया गया है।

वहीं, मोतिहारी के सदर एसडीपीओ ने मीडिया से बाचतीच में कहा कि जहरीली शराब से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। अस्पताल में भर्ती दोनों युवक अभी बातचीत करने की हालत में नहीं हैं। हालत ठीक होने पर उनका बयान लिया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के छपरा में जहरीली शराब से ही 5 लोग मरे, जांच में पुष्टि; अब तक 6 गिरफ्तार

बिहार में नहीं थम रहीं जहरीली शराब से मौतें

बता दें कि बिहार में साल 2016 से पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। इसके तहत शराब के उत्पादन, बिक्री और सेवन पर पूर्णतया प्रतिबंध है। इसके बावजूद, राज्य भर में अवैध रूप से शराब का कारोबार हो रहा है। कई बार जहरीले केमिकल जैसे मिथाइल अल्कोहल और स्प्रिट से भी शराब बनाकर अवैध रूप से बेच दी जाती है, जिसके सेवन से लोगों की मौत हो जाती है।

मोतिहारी, छपरा, सीवान, गोपालगंज समेत बिहार के अन्य जिलों में पू्र्व में भी जहरीली शराब के सेवन से दर्जनों लोगों की जान चुकी है। पिछले महीने ही छपरा के मसरख और पानापुर में कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से 5 लोगों की मौत हो गई थी और कुछ लोगों के आंखों की रोशनी चली गई थी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जहरीली शराबकांड: छपरा में 5 लोगों की मौत, पुलिस हिरासत में धंधेबाज की जान गई
ये भी पढ़ें:दारोगा ने उड़ा दी शराबबंदी की धज्जियां, वर्दी में जाम छलकाने का फोटो वायरल
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।