Chapra Poisonous Liquor Tragedy 5 Dead within two days Bootlegger also died in Police Custody जहरीली शराबकांड: छपरा में 2 दिनों में 5 लोगों की मौत, पुलिस हिरासत में धंधेबाज की भी जान गई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

जहरीली शराबकांड: छपरा में 2 दिनों में 5 लोगों की मौत, पुलिस हिरासत में धंधेबाज की भी जान गई

बिहार के छपरा में बीते दो दिनों के भीतर 5 लोगों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जहरीली शराब के सेवन से इनकी जान जाने की आशंका है। मरने वालों में एक शराब धंधेबाज भी शामिल है, जिसकी मौत पुलिस हिरासत में हुई है। 

Fri, 13 March 2026 07:05 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, छपरा
share
जहरीली शराबकांड: छपरा में 2 दिनों में 5 लोगों की मौत, पुलिस हिरासत में धंधेबाज की भी जान गई

बिहार के छपरा (सारण) में एक बार फिर जहरीली शराब का कहर देखने को मिल रहा है। जिले के मशरक और पानापुर में बीते दो दिनों के भीतर 5 लोगों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। आशंका है कि जहरीली शराब के सेवन से इनकी जान गई है। आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में एक शराब धंधेबाज भी शामिल है, जिसे पुलिस ने एक दिन पहले गिरफ्तार किया था। वहीं, मशरक में 8 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। इनमें से कुछ को छपरा रेफर किया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार को मशरक में एक पेंटर की मौत हो गई। इसके बाद शुक्रवार को मशरक नगर पंचायत के पूरब टोला निवासी पंकज कुमार की भी मौत हो गई। वहीं, बुधवार रात को पुलिस ने छापेमारी कर पूरब टोला निवासी शराब धंधेबाज रघुबर महतो को गिरफ्तार किया था। गुरुवार को पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर गई थी। मगर समय अधिक हो जाने से कोर्ट में पेशी नहीं हो पाई। फिर उसे दोबारा मशरक थाने में लाकर रखा गया। शुक्रवार सुबह अचानक शराब धंधेबाज रघुबर महतो की तबीयत बिगड़ गई, सीने में तेज दर्द होने लगा।

पुलिस उसे तुरंत मशरक सीएचसी लाई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने छपरा रेफर कर दिया। फिर उसे एंबुलेंस के जरिए छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजन को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट और मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

एक के बाद एक तीन लोगों की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि जिस पेंटर की बुधवार को मौत हुई थी, वह भी पूरब टोला में ही पेंटिंग का काम करने गया था। आशंका है कि वहीं से जहरीली शराब खरीदी गई या उसका सेवन किया गया था। क्योंकि दोनों अन्य मृतक भी पूरब टोला के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:24 घंटे में दो की मौत, 5 के आंखों की रोशनी गई; छपरा में जहरीली शराबकांड की आहट

वहीं, सीएचसी मशरक में एक-एक कर आठ लोग आंखों की रोशनी जाने और पेट में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। गंभीर रूप से बीमार मशरक नगर पंचायत के ही कुंदन महतो, बबन महतो, मिंटू महतो, लालबाबू महतो , मंटू महतो एवं किशनपुरा गांव के दुधनाथ शर्मा को छपरा रेफर किया गया।

छपरा सदर अस्पताल में एडिशनल एसपी राम पुकार सिंह तथा सदर अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार भी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। टाउन थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीव कुमार, भगवान बाजार थाना के एडिशनल थाना अध्यक्ष अभिनंदन कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पहले बेटा गया, फिर पिता की मौत; समस्तीपुर में जहरीली शराबकांड की आशंका

पानापुर में भी दो लोगों की मौत

वहीं, जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में भी दो लोगों की कथित जहरीली शराब के सेवन से मौत हो गई। धेनुकी गांव निवासी सुकन नट की बुधवार रात को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई थी। परिजन ने गुपचुप तरीके से उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। इसके बाद गुरुवार दोपहर को दुबौली गांव निवासी धर्मेंद्र राय ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि पानापुर के विभिन्न गांवों के कई लोग बीमार हैं, जिनमें से कुछ की आंखों की रोशनी जा चुकी है। सभी अलग-अलग जगहों पर अपने स्तर से इलाज कर रहे हैं।

सदर अस्पताल अलर्ट मोड पर

फिलहाल सारण जिला प्रशासन जहरीली शराब से मौतों की पुष्टि नहीं कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। मशरक और पानापुर में मौतों के बाद छपरा सदर अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासनिक अधिकारी भी सचेत हैं।

(मशरक से एक संवाददाता के इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूर्वी चंपारण का पहला शराब मुक्त गांव बना लक्ष्मीपुर, हुई थी चार लोगों की मौत
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।