पटना में आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक पहली बार दौड़ेगी मेट्रो, मीठापुर तक चलाने का प्लान
Patna Metro: प्राथमिक कॉरिडोर में मेट्रो परिचालन के लिए तीन कोच की एक रैक किराये पर ली गई है। मीठापुर तक परिचालन शुरू होने से पहले तीन कोच की एक और रैक किराये पर आएगी। इसी साल मीठापुर तक मेट्रो चलाने की योजना है।

Patna Metro: पटना मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर में न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल स्टेशन (आईएसबीटी) से मलाही पकड़ी के बीच पहली बार गुरुवार को मेट्रो दौड़ेगी। इसी कारण गुरुवार को आईएसबीटी से भूतनाथ तक आम लोगों के लिए मेट्रो का परिचालन बंद रहेगा। परिचालन शुक्रवार से पुनः बहाल हो जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) का निरीक्षण होगा। इसके बाद मार्च के दूसरे सप्ताह में मलाही पकड़ी तक मेट्रो का परिचालन आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले भारत सरकार के इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर जनरल द्वारा अंतिम निरीक्षण किया गया था।
इसकी रिपोर्ट पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को सौंपा दी गई है। इसके बाद ही मेट्रो को दौड़ाकर ट्रायल रन करने का निर्णय लिया गया है। उनके द्वारा मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक ओवरहेड उपकरण के रखरखाव सहित अन्य का गहन निरीक्षण किया गया था।
इसमें बताया गया था कि ट्रैक्शन सिस्टम सुरक्षित, विश्वसनीय और सुचारू मेट्रो संचालन के लिए तैयार है। ईआईजी ने 14 फरवरी को निरीक्षण किया था। वहीं इससे पहले 23 जनवरी को चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर ने निरीक्षण किया था। 5 फरवरी को मलाही पकड़ी स्टेशन पर एएसएस को चार्ज करने के बाद विद्युत आपूर्ति शुरू की गई थी।
मीठापुर तक 3.2 किमी में इसी साल दौड़ेगी मेट्रो
खेमनीचक से जगनपुरा, रामकृष्ण नगर होते हुए मीठापुर तक लगभग 3.217 किलोमीटर तक एलिवेटेड मार्ग में मेट्रो के परिचालन की तैयारी भी जोरों पर है। प्राथमिक कॉरिडोर में मेट्रो परिचालन के लिए तीन कोच की एक रैक किराये पर ली गई है। मीठापुर तक परिचालन शुरू होने से पहले तीन कोच की एक और रैक किराये पर आएगी। इसी साल मीठापुर तक मेट्रो चलाने की योजना है। कोच खरीदने के लिए जब निविदा जारी होगा, तो आपूर्ति मे दो वर्ष लगेंगे।
स्टेशन दूरी
मलाही पकड़ी से खेमनीचक 1516.844 मीटर
खेमनीचक से भूतनाथ 1016.023 मीटर
भूतनाथ से जीरो माइल 1317.451 मीटर
जीरो माइल से आईएसबीटी 1437.573 मीटर
प्राथमिक कॉरिडोर का काम पूरा हो जाएगा
महाली पकड़ी तक मेट्रो शुरू होने से प्राथमिक कॉरिडोर का काम पूरा हो जाएगा। आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक की दूरी 6.107 किमी है। लोगों को खेमनीचक स्टेशन तक मेट्रो की सुविधा फिलहाल नहीं मिलेगी। देरी से जमीन मिलने से स्टेशन का निर्माण अभी जारी है। निर्माण पूरा होने में तीन-चार माह और लगेंगे। 6 अक्टूबर 2025 से आईएसबीटी से भूतनाथ के बीच 2.9 किलोमीटर में मेट्रो दौड़ रही है।




साइन इन