मुकेश सहनी को एनडीए बुला रहा है; संतोष सुमन बोले- तेजस्वी 60 सीट देंगे नहीं, BJP के पास लौट आओ
हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को एनडीए में वापसी का ऑफर दिया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव महागठबंधन में सहनी की पार्टी वीआईपी को 60 सीटें नहीं देंगे।

एक तरफ लोजपा-आर के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान कह रहे हैं कि उनको बिहार बुला रहा है तो दूसरी तरफ चिराग के खिलाफ मोर्चा खोल रखे जीतनराम मांझी के बेटे और नीतीश सरकार में मंत्री संतोष सुमन वीआईपी के अध्यक्ष मुकेश सहनी को एनडीए में बुला रहे हैं। संतोष सुमन ने कहा है कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के सीट बंटवारे में मुकेश सहनी को 60 सीट देने वाले नहीं हैं इसलिए उनके लिए बेहतर है कि वो वापस लौट आएं क्योंकि उनका समाज भी एनडीए के साथ है।
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के बेटे एवं नीतीश सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने बुधवार को एक चैनल से बातचीत में मुकेश सहनी को एनडीए में वापस आने का न्योता दिया। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन में अंदर कुछ और ही मामला चल रहा है। सहनी का एनडीए से मन भर गया है। उन्हें महागठबंधन में 60 सीटें नहीं मिलने वाली हैं।
सुमन ने कहा कि सहनी के लिए एनडीए ही बेहतर है। उनके समाज को आगे बढ़ा सकता है। मुझे खुशी होगी कि अगर वो एनडीए के साथी बनते हैं और बिहार के विकास में साथ चलते हैं।
संतोष सुमन का चिराग पर तंज
वहीं, हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर एक बार फिर तंज कसा। उन्होंने चिराग से कहा कि अगर उनकी बिहार आने की इच्छा है तो निश्चित रूप से अब उनको केंद्र की जिम्मेदारी छोड़ देनी चाहिए। जनता में विश्वास जगाना होगा कि हम दो नाव पर नहीं है, एक नाव पर सवार हैं। चिराग के बिहार चुनाव लड़ने पर सुमन ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को रोका नहीं जा सकता। चिराग बिहार आने के लिए स्वतंत्र हैं। हम उनका स्वागत करते हैं।




साइन इन