नीतीश सरकार पर चिराग के हमले से मांझी गरम, बोले- गुड़ खाकर गुड़म्मा से परहेज ठीक नहीं
बिहार में हत्याओं पर चिराग पासवान ने नीतीश सरकार पर सवाल उठाए तो जीतनराम मांझी ने उन्हें गठबंधन धर्म का पालन करने की नसीहत दे दी। मांझी ने चिराग का नाम लिए बिना कहा कि गुड़ खाकर गुड़म्मा से परहेज ठीक नहीं है।
लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान पर एक बार फिर सहयोगी पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतनराम मांझी ने निशाना साधा है। बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर चिराग ने नीतीश सरकार पर सवाल उठाए, तो मांझी गरम हो गए। उन्होंने नरेंद्र मोदी कैबिनेट में अपने सहयोगी को गुड़ खाकर गुड़म्मा से परहेज नहीं करने की नसीहत दे दी। मांझी ने चिराग का नाम लिए बिना कहा कि जो लोग सरकार के ऊपर अपराध को लेकर तोहमत लगा रहे हैं, क्या वह गठबंधन धर्म का पालन कर रहे हैं?
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "अपराध करवाएं राजद वाले, तोहमत लगे सरकार पर, वाह रे गठबंधन धर्म। हमारे यहां एक कहावत है, गुड़ खाते हैं, गुड़अम्मे से परहेज, यह ठीक नहीं।" मांझी ने आगे कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री आवास में माफिया की खातिरदारी नहीं होती , बल्कि उन्हें ठोक दिया जाता है। लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाने वालें को यह बात समझनी चाहिए।
मांझी का यह बयान चिराग पासवान के ट्वीट के लगभग 3 घंटे बाद आया। चिराग ने अपने पोस्ट में बिहार में लगातार हो रही हत्या की वारदातों को लेकर बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंन लिखा, ‘बिहारी अब कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे, बिहार पुलिस की क्या जिम्मेदारी है यह समझ से परे है।’
चिराग और मांझी दोनों की ही पार्टियां नीतीश की जेडीयू एवं बीजेपी के साथ एनडीए में शामिल हैं। दोनों ही नेता नरेंद्र मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। हालांकि, इनके बीच बीते कुछ समय से मनमुटाव देखा जा रहा है। इससे पहले भी दलित राजनीति और अन्य मुद्दों पर चिराग और मांझी के बीच जुबानी जंग हो चुकी है। हालांकि, पिछले दिनों चिराग ने मांझी को पिता तुल्य बताकर इस झगड़े को खत्म करने की पहल भी की थी। मगर, अभी तक मतभेद सुलझते हुए नहीं नजर आ रहे हैं।




साइन इन