man killed for two litre milk in shivhar murder in samastipur बिहार के शिवहर में 2 लीटर दूध के लिए खून, समस्तीपुर में बच्चों के विवाद में हुआ कत्ल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार के शिवहर में 2 लीटर दूध के लिए खून, समस्तीपुर में बच्चों के विवाद में हुआ कत्ल

ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार सुबह पड़ोसी आकाश कुमार, बच्चू सिंह के पास दो लीटर दूध लेने गया था। बच्चू सिंह ने दूध देने में असमर्थता जताई, जिससे आकाश नाराज हो गया। शनिवार शाम आकाश इसी बात को लेकर बच्चू सिंह को गालियां देने लगा।

Mon, 16 Feb 2026 09:51 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, दलसिंहसराय, समस्तीपुर
share
बिहार के शिवहर में 2 लीटर दूध के लिए खून, समस्तीपुर में बच्चों के विवाद में हुआ कत्ल

बिहार में दो लीटर दूध के लिए खून हो गया। शिवहर में इस हैरान कर देने वाली वारदात के बाद पुलिस भी ऐक्शन में है। यहां श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव में शनिवार रात महज दो लीटर दूध के विवाद में 65 वर्षीय बुजुर्ग की ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बच्चू सिंह के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप पड़ोसी आकाश कुमार समेत तीन लोगों पर लगाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार सुबह पड़ोसी आकाश कुमार, बच्चू सिंह के पास दो लीटर दूध लेने गया था। बच्चू सिंह ने दूध देने में असमर्थता जताई, जिससे आकाश नाराज हो गया। शनिवार शाम आकाश इसी बात को लेकर बच्चू सिंह को गालियां देने लगा। जब विवाद बढ़ा तो आकाश ने पास पड़ी ईंट उठाकर बच्चू सिंह के सिर पर दे मारी। ईंट उनके कान के समीप लगी, जिससे वे बेहोश होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अब पटना में मजदूर की पीट-पीट कर हत्या, चोरी के आरोप में खौफनाक कांड

तीन लोगों पर प्राथमिकी, साक्ष्य जुटाने पहुंची एफएसएल टीम

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार दल-बल के साथ पहुंचे। मृतक के भतीजे चंदन कुमार के बयान पर सुरेश सिंह, आकाश कुमार और पंकज कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। रविवार को एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य एकत्रित किए। एसडीपीओ सुशील कुमार ने भी रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थानाध्यक्ष को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चू सिंह अविवाहित थे और अपने भाइयों व भतीजों के साथ रहकर खेती और पशुपालन करते थे। गांव में उनकी पहचान एक हंसमुख और नेकदिल इंसान के रूप में थी। उनकी हत्या के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।

बच्चों के विवाद में मर्डर

इधर समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा वार्ड-9 में रविवार को बच्चों के मामूली विवाद में हिंसक झड़प हो गई। दो पक्षों के बीच हुई झड़प में 25 वर्षीय युवक सुरो राय उर्फ सुटो राय की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव है। आरोपी पक्ष के अधिकतर सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक सुरो राय के भतीजे सोनू और पड़ोसी हरिलाल राय के पोते के बीच खेलने के दौरान झगड़ा हुआ था। बच्चों के इस विवाद में दोनों पक्षों की महिलाएं उलझ गईं और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से सुरो राय पर हमला बोल दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना में अपार्टमेंट से गिरी छात्रा को किसी ने धक्का दिया? सीन रिक्रिएट होगा

मृतक की भाभी सीता देवी ने आरोप लगाया कि मोहित राय, हरिलाल राय, सुशील राय और हिमांशु कुमार समेत अन्य परिजनों ने सुरो को बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से जख्मी सुरो को अनुमंडल अस्पताल से सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन समस्तीपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक पेशे से मजदूर था और परिवार का एकमात्र सहारा था।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम और डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने दलबल के साथ पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की है। डीएसपी ने बताया कि फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है और आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में 33 लाख राशन कार्डधारियों के कटेंगे नाम, कंपनी के निदेशक भी ले रहे अनाज
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।