पीएम नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी देने वाला बक्सर से अरेस्ट, इंटरनेशनल हैकर बनने की थी चाहत
यह वही अमल है जिसने आठ सालों पहले कोलकाता एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी थी। दरअसल, इंटरनेशनल हैकर बनने की चाहत में अमल ने साइबर अपराध की दुनिया में जबर्दस्त तरीके से कदम रख दिया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को बहुत सी बातें बताई हैं।

अमेरिकी एजेंसी सीआईए की वेबसाइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जान से मारने की धमकी देने का आरोपी युवक आवश्यक पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल, दो पेन ड्राइव, विभिन्न बैंकों के 09 क्रेडिट कार्ड और एक फर्जी पहचान पत्र बरामद किया है। पुलिस को ज्योंही पीएम की सुरक्षा से संबंधित ऐसी सूचना मिली कि सबके होश उड़ गए। तत्काल तफ्तीश हुई और सिमरी थाना के आशा पड़री गांव निवासी गणेश तिवारी के पुत्र अमल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे उसके घर से ही पकड़ा गया।
यह वही अमल है जिसने आठ सालों पहले कोलकाता एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी थी। दरअसल, इंटरनेशनल हैकर बनने की चाहत में अमल ने साइबर अपराध की दुनिया में जबर्दस्त तरीके से कदम रख दिया। हालांकि गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को बहुत सी बातें बताई हैं। लेकिन, मामला बेहद संजीदा होने के कारण स्थानीय पुलिस कुछ खास बताने से इंकार कर रही है। उससे लंबी पूछताछ हुई। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
इधर, अमल की गिरफ्तारी के बाद से ही उसके गांव पर माता-पिता सकते में हैं। वे बाहरी लोगों से मिलने से भी परहेज कर रहे हैं। गांव के लोग भी इस बात से दुखी हैं कि एक युवक के चलते गांव का नाम इस कदर चर्चा में आ गया। पूरे जिले में शनिवार को अमल और उसकी करतूत की चर्चा होती रही। कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि आरोपी युवक विदेशों में कुछ संदिग्ध लोगों के संपर्क में था। वो इन लोगों से गोपनीय सूचनाओं के एवज में पैसों की डिमांड कर रहा था।
मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि वो पीएमओ की जानकारियां भी जुटा रहा था। बताया जा रहा है कि इस मामले की भनक सबसे पहले केंद्रीय खुफिया एजेंसियों को लगी थी. इसकी संदिग्ध डिजिटल एक्टिविटी और विदेशी सर्वर पर डेटा ट्रांसफर के संकेतों के बाद बक्सर पुलिस को अलर्ट किया गया। जिसके बाद आरोपी को आखिरकार पकड़ लिया गया है।




साइन इन