एनडीए में ही भविष्य तलाशें नहीं तो गर्दिश में पड़ जाएंगे; चिराग पासवान को जीतनराम मांझी की नसीहत
केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होने चिराग पासवान को नसीहत देते हुए कहा कि वे एनडीए में रहकर ही भविष्य तलाशें, वरना गर्दिश में पड़ जाएंगे। मांझी ने राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर भी निशाना साधा है।

हम (सेकुलर) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने चिराग पासवान से कहा कि वे एनडीए में रहकर ही भविष्य तलाशें, वरना गर्दिश में पड़ जायेंगे। अच्छा रहेगा कि बिहार विधानसभा एनडीए के साथ मिलकर लड़ा जाए। जिससे विपक्ष को जोरदार तरीके से हराया जा सके। मांझी का ये बयान ऐसे समय आया है, जब एनडीए में सीटों को लेकर हलचल तेज है। शनिवार को पटना पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
जीतनराम मांझी ने कहा कि रविवार से विपक्ष सड़क पर उतर रहा है, राहुल गांधी यात्रा करेंगे, लेकिन पत्थर पर सिर पटकने से सिर्फ सिर फटेगा, कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि जैसे तालाब का पानी बरसों रहने पर गंदा हो जाता है, वैसे ही वोटर लिस्ट में भी नाम सालों रहने पर गड़बड़ हो जाता है। बाहर चले गये या मर चुके लोगों के नाम हटना जरूरी है। गलत नामों का फायदा उठाने वाले ही शोर मचा रहे हैं। कुछ लोग पलायन कर जाते हैं, लेकिन उनके नाम लिस्ट में बने रहते हैं। ऐसे में पुनरीक्षण जरूरी है और यह सबके हित में है।
हम संरक्षक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘घुसपैठियों को नहीं रहने देंगे। मांझी ने कहा कि जो लोग हमारे बच्चों का हक लेंगे, उनको नहीं रहने दिया जाएगा। मांझी ने तुष्टीकरण की राजनीति पर भी निशाना साधा और कहा कि यह अब नहीं चलेगा।




साइन इन