भीषण गर्मी का कहर: सुबह 10 बजे से ही झुलसाने लगी धूप, तापमान 42 डिग्री के पार
- लू के बढ़ते प्रकोप से जनजीवन प्रभावित, डॉक्टरों ने दी दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह

लखीसराय, कार्यालय संवाददाता। क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह 10 बजे से ही कड़ी धूप निकलने लगती है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहर होते-होते धूप इतनी तेज हो जाती है कि शरीर में जलन जैसी महसूस होने लगती है। आसमान से मानो आग बरस रही हो, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिसके कारण गर्म हवा यानी लू का असर भी तेज हो गया है। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा नजर आता है।
लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं, जबकि अधिकतर लोग घरों में ही रहने को मजबूर हैं।--------इंसानों के साथ बेजुबान भी हो रहे परेशान:गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि बेजुबान पशु-पक्षियों पर भी साफ तौर पर देखा जा रहा है। पानी की कमी और तेज धूप के कारण पशु-पक्षी इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर लोग पक्षियों के लिए पानी के बर्तन रखकर राहत देने का प्रयास कर रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण पंखा और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। बिजली की खपत बढ़ने से कई इलाकों में बिजली की आंख-मिचौली भी देखने को मिल रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।--------10 बजे के बाद बाहर नहीं निकलने की सलाह:डॉक्टरों ने इस भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। साथ ही हल्के और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, लू लगने के लक्षण जैसे चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी या तेज बुखार को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत छांव में जाकर आराम करें और आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें। प्रशासन की ओर से भी लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है, जिससे लोगों को और सतर्क रहने की जरूरत है। इस भीषण गर्मी ने जहां आम जीवन को प्रभावित किया है, वहीं यह सभी के लिए एक चेतावनी भी है कि इस मौसम में सावधानी और सतर्कता ही बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन