कौन है गोपाल खेमका को मरवाने वाला अशोक साह? पहले भी 2 बड़े व्यापारियों की हत्या में आया था नाम
बिहार के बड़े व्यापारी और उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या के केस में पुलिस ने बतौर साजिशकर्ता पटना के ही दूसरे कारोबारी अशोक साह को सामने पटक दिया है। दावा है कि अशोक साह ने जमीन विवाद में शूटर उमेश यादव से मर्डर करवाया।

बिहार के व्यापारियों को हिला देने वाले गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस ने दूसरे व्यापारी अशोक साह को साजिशकर्ता के तौर पर गिरफ्तार कर लिया है। बिहार के डीजीपी विनय कुमार के मुताबिक अशोक साह ने जमीन विवाद में गोपाल खेमका की हत्या का षड्यंत्र डेढ़ महीने पहले रचा। अशोक ने हत्या के लिए शूटर खोजने का काम उमेश यादव को दिया था लेकिन राजा नाम के क्रिमिनल ने ज्यादा पैसे मांग लिए तो उमेश ने खुद ही 4 लाख में सुपारी ले ली। राजा सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात पटना में एनकाउंटर में मारा गया।
पुलिस ने गोपाल खेमका मर्डर केस की कहानी बताने के लिए बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में अशोक साह की पुरानी कुंडली भी खोल दी। पुलिस ने कहा कि गोपाल खेमका और अशोक साह के बीच जमीन के किस डील या लेन-देन को लेकर विवाद था, ये पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस गोपाल के लैपटॉप और मोबाइल फोन भी देखेगी ताकि सटीक तरीके से यह पता चल सके कि दोनों के बीच झगड़ा की असल वजह क्या थी।
सारे मोबाइल कॉल रिकॉर्ड कर लेता था अशोक साह, अब गोपाल खेमका मर्डर केस में वही बना फंदा
डीजीपी विनय कुमार और एडीजी कुंदन कृष्णन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अशोक साह का खुद का आपराधिक इतिहास भी है। अशोक से पहले भी एक व्यापारी की हत्या में पूछताछ की गई थी। पुलिस अफसरों ने बताया कि मनोज कमालिया और संतोष टिबड़ेवाल की हत्या में भी अशोक साह से पूछताछ हुई थी। मनोज कमालिया की हत्या 2002 में तब कर दी गई थी, जब वो बैडमिंटन खेलने घर से निकले थे। पुलिस ने बताया कि बिहारशरीफ में एक कोल्ड स्टोरेज को लेकर विवाद में भी अशोक साह जेल भेजे गए थे। उस केस में अशोक साह के भाई का दो हथियार अब भी जब्त है।
जिस राजा ने ठुकरा दी गोपाल खेमका की सुपारी, वही एनकाउंटर में मारा गया, बच गया शूटर उमेश, अशोक
पुलिस ने बताया कि उमेश यादव को गोपाल खेमका की हत्या के लिए हथियार भी अशोक साह ने ही दिया था। गिरफ्तारी के बाद उमेश यादव की निशानदेही पर अशोक साह के घर पर रेड मारा गया। अशोक साह के घर से पुलिस को जमीन के बहुत सारे कागजात मिले हैं। पुलिस को इसके अलावा अशोक साह के घर से पिस्तौल और 70 राउंड गोली भी मिली है।




साइन इन