17-18 जून को सभी प्रखंडों में लगेगा जनकल्याण का महाकैंप
17-18 जून को सभी प्रखंडों में लगेगा जनकल्याण का महाकैंप 17-18 जून को सभी प्रखंडों में लगेगा जनकल्याण का महाकैंप17-18 जून को सभी प्रखंडों में लगेगा जनक

कटिहार, वरीय संवाददाता केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जिले के सभी 16 प्रखंडों में 17 एवं 18 जून को दो दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी करते हुए सभी विभागों और अधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
शिविर में सेवाएं
जिला प्रशासन के अनुसार शिविर में आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन, निबंधन, सत्यापन, ई केवाईसी, लंबित मामलों के निष्पादन तथा स्वीकृत लाभों का वितरण किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि पात्र लाभुकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
योजनाओं की जानकारी
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना समेत कुल 16 प्रमुख योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए जाएंगे।
हर योजना के लिए अलग स्टॉल, हेल्प डेस्क और मेडिकल कैंप
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार प्रत्येक प्रखंड में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को शिविर के आयोजन की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित कर्मी और स्वयंसेवक लोगों को आवेदन भरने, दस्तावेज तैयार करने और सही काउंटर तक पहुंचने में मदद करेंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां रक्तचाप, शुगर जांच और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मेडिकल स्टॉल को आयुष्मान भारत और वय वंदना कार्ड काउंटरों के समीप स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
गांव-गांव तक होगा प्रचार, लाभुकों को पहले से दी जाएगी जानकारी
जिला प्रशासन ने 14 जून तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता, विकास मित्र, टोला सेवक, किसान सलाहकार, पंचायत रोजगार सेवक, आवास सहायक और स्वच्छताग्राहियों के माध्यम से लोगों को शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी पूर्व में प्रचारित की जाएगी, ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
16 प्रखंडों में तैनात किए गए वरीय अधिकारी
शिविर के अनुश्रवण और निगरानी के लिए जिले के सभी प्रखंडों में वरीय अधिकारियों को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। कटिहार, बारसोई, मनिहारी, अमदाबाद, कदवा, बलरामपुर, आजमनगर समेत सभी प्रखंडों में अलग-अलग प्रशासनिक अधिकारियों को निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी शिविर स्थल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और आवश्यक मार्गदर्शन देंगे।
विधि-व्यवस्था और निगरानी पर विशेष जोर
शिविर के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन