17 व 18 को प्रखंडों में लगेगा प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर
मुजफ्फरपुर में 17 और 18 जून को ‘प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर’ का आयोजन होगा। इस शिविर में आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। डीएम ने सुविधाओं और प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 व 18 जून को जिले के सभी प्रखंडों में ‘प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इसके आयोजन को लेकर डीए सुब्रत कुमार सेन ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों का निर्देश दिया है।
शिविर में सुविधाएं
डीएम ने कहा कि शिविर में पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, बिजली, छाया तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित होनी चाहिए। प्रत्येक शिविर की ऑनलाइन रिपोर्टिंग भी की जाएगी। शिविर में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत आवेदन प्राप्त करने, समस्याओं के समाधान, लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने व विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसमें आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, बीओसीडब्ल्यू कल्याण बोर्ड व अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रशिक्षित स्वयंसेवक करेंगे आवेदन में मदद
डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक योजना के लिए प्रशिक्षित कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। शिविर स्थल पर पर्याप्त संख्या में हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित स्वयंसेवक एवं कर्मी लोगों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा योजनाओं की पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
स्वास्थ्य विभाग लगाएगा शिविर
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल स्टॉल भी लगाए जाएंगे। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की जाएंगी। आयुष्मान भारत एवं वय वंदना कार्ड से संबंधित लाभार्थियों के लिए विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे। शिविर के लिए प्रचार-प्रसार करने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया है। ग्राम पंचायत स्तर तक शिविर की जानकारी पहुंचाने को कहा गया है। इसके लिए माइकिंग, पोस्टर, बैनर, सोशल मीडिया तथा अन्य संचार माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन