मार ही दो, नाटक क्यों? सिक्योरिटी घटाने से गृह मंत्री और DGP पर भड़के सांसद पप्पू यादव
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने दावा किया है कि उनकी वाई श्रेणी की सुरक्षा में कमी की जा रही है। उनकी सुरक्षा में तैनात बीएमपी जवानों को हटा दिया गया है। उन्होंने गृह मंत्री और डीजीपी पर भी निशाना साधा है।
बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी सुरक्षा घटा दी गई है। सांसद ने गृह मंत्री एवं डीजीपी पर निशाना साधा और अपनी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। पप्पू यादव ने दावा किया कि उनकी सुरक्षा में तैनात बीएमपी यानी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जवानों को हटा दिया गया है। उन्होंने यह तक कह दिया कि अगर जान से मारना है तो मार ही दो, नाटक क्यों किया जा रहा है?
सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में गृह मंत्री और डीजीपी से पूछा कि उनसे क्या दुश्मनी है जो सुरक्षा को घटा दिया गया। सांसद ने कहा कि उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, फिर बीएमपी जवानों को सुरक्षा से हटाने का मौखिक आदेश किसने जारी किया? उन्होंने सवाल किया कि क्या बीएमपी जवानों की जगह उनकी सुरक्षा में होमगार्ड की तैनाती की जाएगी?
सहरसा में मंगलवार को मीडिया से बातचीत में भी उन्होंने एनडीए सरकार पर हमला बोला। पप्पू यादव ने कहा कि राजनीति में निजी दुश्मनी की जगह नहीं है। उन्होंने अपनी सिक्योरिटी घटाने को बदले की कार्रवाई बताया। सांसद ने कहा कि सरकार चाहती है कि विपक्ष अपंग हो जाए और सरकार की नाकामयाबी पर कुछ बोले ही नहीं।
एक दिन पहले मधेपुरा में भी पप्पू यादव ने कहा था कि उनकी सुरक्षा धीरे-धीरे हटाई जा रही है। उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने अपराधियों को मेरी हत्या करवाने की खुली छूट दे दी है। पहले मधेपुरा से सुरक्षा हटाई गई। उससे पहले पूर्णिया में तीन एसएलआर वालों को हटाया गया। अब आनन-फानन में बीएमपी जवानों को हटा दिया गया।
सांसद का कहना है कि वह इस मामले में अदालत से गुहार लगा रहे हैं। हाई कोर्ट गए हैं, सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे। सदन में गृह मंत्री से भी चर्चा की गई है। बता दें कि पूर्णिया सांसद को पिछले साल वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। हालांकि, सितंबर 2025 में उनकी सुरक्षा घटाकर वाई श्रेणी की कर दी गई थी। उस समय भी उन्होंने हत्या की साजिश रचे जाने के आरोप लगाए थे।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पिछले दिनों पटना पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया था। उन पर मकान पर कब्जा करने और जालसाजी का आरोप था। सांसद लगभग एक सप्ताह बेऊर जेल में रहे। फिर अदालत से जमानत मिलने के बाद वे बाहर आ गए।
गिरफ्तारी के बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि नीतीश सरकार ने उन्हें नीट छात्रा की मौत के खिलाफ आवाज उठाने से रोकने के लिए साजिश के तहत कार्रवाई की। दरअसल, पटना के हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा के कथित यौन शोषण और हत्याकांड के मामले में पप्पू यादव सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे।




साइन इन