Rajya Sabha Election: तेजस्वी के चैंबर में घुस गईं मांझी की बहू और समधन, फिर बोलीं- गलती हो गई
बिहार विधानसभा में राज्यसभा मतदान से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चैंबर से जीतन राम मांझी की समधन ज्योति मांझी और बहू दीपा मांझी के बाहर निकलने से सियासी चर्चा तेज हो गई। सफाई मे दोनों ने कहा कि गलती हो गई थी।

बिहार में राज्यसभा चुनाव के मतदान के बीच विधानसभा परिसर में एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला। जब मतदान से ठीक पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चैंबर से हम संरक्षक जीतन राम मांझी की समधन ज्योति मांझी और उनकी बहू दीपा मांझी को बाहर निकलते हुए देखा गया। इसके बाद विधानसभा परिसर में सियासी चर्चाओं का दौर तेज हो गया। जानकारी के मुताबिक राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने से पहले ज्योति मांझी और दीपा मांझी विधानसभा परिसर में मौजूद थीं। इसी दौरान वे कुछ देर के लिए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चैंबरमें पहुंचीं फिर कुछ मिनट बाद बाहर आ गईं। जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई और सस्पेंस बढ़ गया। हालांकि सफाई में दोनों ने कहा कि गलती से गई।
गलती से कमरे में चली गईं थी- HAM
वहीं इस पूरे मामले पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) की ओर बताया गया है कि ज्योति मांझी और दीपा मांझी गलती से तेजस्वी यादव के चैंबर में चली गई थीं। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों ने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में ही मतदान किया है। वहीं पार्टी संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि राज्यसभा में NDA पांचों सीटें जीतेगी। हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने एनडीए की जीत का दावा करते हुए कहा कि NDA जीत की ओर अग्रसर है। हमारे पांचों उम्मीदवार जीतेंगे, हमारे पास पर्याप्त संख्या है। वे (राजद) हार रही है।
राज्यसभा की 5 सीटों के लिए मतदान
आपको बता दें बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए बिहार विधानसभा में मतदान जारी है। सुबह 9 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी। राज्य के 243 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान खत्म होने के बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक नतीजे घोषित किए जा सकते हैं। इस चुनाव में कुल 6 उम्मीदवार मैदान में हैं।
एनडीए के 5, महागठबंधन का एक प्रत्याशी
एनडीए की ओर से नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश राम उम्मीदवार हैं। वहीं महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल ने एडी सिंह को मैदान में उतारा है। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को 41 विधायकों के वोट की जरूरत है। बिहार विधानसभा में एनडीए के पास बहुमत है, ऐसे में उसके चार उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। जबकि पांचवीं सीट को लेकर मुकाबला रोचक माना जा रहा है। सभी की नजरें अब मतदान के बाद होने वाली मतगणना और अंतिम परिणाम पर टिकी हैं।




साइन इन