अनंत सिंह अब नहीं लड़ेंगे चुनाव; कहा- नीतीश नहीं तो हम भी नहीं, मोकामा से बेटे को उतारेंगे
मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने ऐलान किया कि ये उनका आखिरी चुनाव था। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार सक्रिय राजनीति में नहीं रहेंगे तो वह भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। अगली बार बड़े बेटे को मोकामा के चुनावी मैदान में उतारेंगे।
बिहार की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रखने वाले मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने साफ कहा है कि अब वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और मौजूदा कार्यकाल ही उनका अंतिम कार्यकाल होगा। अनंत सिंह के इस बयान को राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को बिहार विधानसभा में मतदान हो रहा है। मतदान करने के बाद अनंत सिंह से जब पत्रकारों ने बातचीत की तो उन्होंने खुलकर कहा कि अब वह सक्रिय चुनावी राजनीति से दूरी बना लेंगे। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे तो फिर विधायक बने रहने का क्या मतलब है। आपको बता दें बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है।
नीतीश सीएम नहीं, तो चुनाव नहीं लडूंगा- अनंत सिंह
अनंत सिंह ने कहा कि अब जब यह साफ हो गया है कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं और आगे विधानसभा की राजनीति में नहीं रहेंगे, तो उन्होंने भी फैसला कर लिया है कि वह आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा, “मैं पहले ही कह चुका था कि अगर नीतीश जी नहीं रहेंगे तो हम भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस बार मैं विधायक बन गया हूं, लेकिन यह मेरा आखिरी चुनाव था। मोकामा विधायक ने साफ कहा कि अब वह अगली बार चुनाव मैदान में नहीं उतरेंगे और राजनीति की जिम्मेदारी अपने परिवार को सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि अगला विधानसभा चुनाव उनका बेटा लड़ेगा। अनंत सिंह ने कहा, “यह मेरा आखिरी शपथ ग्रहण था। अब मेरे बाल-बच्चे चुनाव लड़ेंगे और जनता की सेवा करेंगे।
जल्द जेल से बाहर आऊंगा- अनंत सिंह
इस दौरान अनंत सिंह ने अपने जेल से बाहर आने को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह एक महीने के भीतर जेल से बाहर आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, सब कुछ साफ हो जाएगा और वह फिर अपने समर्थकों के बीच होंगे। वहीं जब उनसे पूछा गया कि नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, तो उन्होंने कहा कि यह फैसला खुद नीतीश कुमार ही करेंगे। इस सवाल पर उन्होंने ज्यादा टिप्पणी करने से भी इनकार कर दिया।
बड़ा बेटा चुनाव में उतरेगा- अनंत
अनंत सिंह से जब पत्रकारों ने तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार में बेहतर नेता को लेकर सवाल किया तो वह नाराज हो गए और उन्होंने इसे फालतू सवाल बता दिया। गौरतलब है कि मोकामा क्षेत्र में अनंत सिंह का लंबे समय से मजबूत राजनीतिक प्रभाव रहा है। ऐसे में उनके चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अगली बार उनके बेटे को जनता कितना समर्थन देती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अनंत सिंह का यह फैसला बिहार की राजनीति में नए समीकरण बना सकता है।




साइन इन