बिहार में दौलत के लिए दानव बना जीजा, साले को गला रेत मार डाला; खून से सनी लुंगी मिली
मृतक सबुल हैदराबाद में रहकर एलुमिनियम का दरवाजा व खिड़की बनाने का काम करता था, जबकि उनका जीजा मो इकराम हैदराबाद में ही रहकर पीओपी का काम करता था। जीजा मो इकराम के दुर्घटना में घायल होने के बाद दोनों घर आया था।

बिहार में एक जीजा दौलत के चक्कर में दानव बन गया। उसने दौलत की खातिर अपने साले की गला रेतकर हत्या कर दी। दरअसल अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र काकन टोल प्लाजा से उत्तर कब्रिस्तान के समीप धारदार हथियार से गला रेत सिकटिया के रहने वाले सबुल हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ घंटे में खुलासा कर दिया है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि सबूल का सगा जीजा मो इकराम निकला। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार, मृतक का मोबाइल, मृतक की बाइक,आरोपी मो इकराम का खून से सनी लुंगी और आरोपी का घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया है। बताया जाता है कि सबूल से दो डिसमल जमीन और दो लाख रुपये का डिमांड किया जा रहा था। डिमांड पूरा नहीं करने पर बहनोई ने अपने साले की गला रेत कर हत्या कर दी।
मंगलवार की शाम एसडीपीओ सुशील कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में सबूल हत्याकांड का खुलासा करते हुए कहा कि हत्यारा कोई और नहीं बल्कि मृतक का जीजा मो इकराम है। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि काकन टोल प्लाजा से पांच सौ मीटर उत्तर कब्रिस्तान के समीप सिकटिया गांव के रहने वाले मो सबुल की धारदार हथियार से गला रेता हुवा शव बरामद हुवा था। जोकीहाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा और घटना की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना एसपी को दी।
एसडीपीओ ने बताया कि एसपी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज और मृतक के परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के बाद जोकीहाट थाना क्षेत्र के ही बोरिया के रहने वाले मो इकराम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मो इकराम ने अपना अपराध कबूल किया। उसकी निशानदेही पर मृतक का मोबाइल व घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि घटना के समय मो इकराम द्वारा पहना हुआ खून से लथपथ लुंगी को भी बरामद किया गया है। छापेमारी दल में पुलिस इंस्पेक्टर सह जोकीहाट थानेदार राजीव कुमार झा, सब इंस्पेक्टर इम्तियाज़ खान, पंकज कुमार, सुभाष चंद्रा, सिपाही अर्जुन कुमार,कारू कुमार शामिल थे।
स्पीडी ट्रायल चलकर हत्यारे को दिलाई जाएगी त्वरित सजा
एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि सबूल हत्याकांड के आरोपी मो इकराम को स्पीडी ट्रायल चलकर त्वरित सजा दिलाई जाएगी। उनके खिलाफ पुलिस के पास ठोस साक्ष उपलब्ध है। यहां बता दे कि मंगलवार की सुबह जोकीहाट थाना क्षेत्र में काकन टोलप्लाज़ा से उत्तर स्थित कब्रिस्तान के पास खून से लथपथ एक 32 वर्षीय युवक सबुल का शव बरामद हुआ था। मृतक सबुल हैदराबाद में रहकर एलुमिनियम का दरवाजा व खिड़की बनाने का काम करता था, जबकि उनका जीजा मो इकराम हैदराबाद में ही रहकर पीओपी का काम करता था। जीजा मो इकराम के दुर्घटना में घायल होने के बाद दोनों घर आया था। यहां मो इकराम अपने साला से दो डिसमिल जमीन और दो लाख रुपये का डिमांड कर रहा था।
बताया जाता है कि यह गया कि मो इकराम अपनी बाइक बंधक लगाकर कुछ कर्ज लिया था और कर्ज का पैसा चुकाने का भी सबूल पर दबाव था। लेकिन सबूल ने अपने जीजा की डिमांड पूरी नहीं की तो उसने योजना के तहत सोमवार की शाम उसे घर से बुलाया और फिर काकन कब्रिस्तान के पास उसकी गला रेत कर हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी मो इकराम ने यह भी बताया कि सोमवार को ही उन्होंने बैरगाछी चौक पर हत्या में प्रयुक्त हथियार में धार करवाया था। युवक के परिजनों ने बताया कि सोमवार को दोपहर बाद सबुल अपने घर से बाइक से निकला था। देर रात तक वापस नही आया तो उसकी खोजबीन शुरू की गयी। इस दौरान करीब दो बजे रात सबुल की मोटरसाइकिल घटनास्थल से कुछ दूरी पर उड़ान टोली गांव के पास मिली। परिजन व ग्रामीण उसकी बाइक को घर लेते गए और मंगलवार की सुबह उसका गला रेता हुआ शव मिला।
पूरे इलाके में फैली सनसी
जोकीहाट थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव में मो. सबुल की गला रेतकर हत्या के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। वहीं मृतक के घरों में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी व छोटे-छोटे बच्चे व अन्य का रोते-रोते बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल परिजनों को तोड़ कर रख दिया है, बल्कि ग्रामीणों में काफी गम और गुस्सा का माहौल बना हुआ है। मृतक सबुल अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी मौत के बाद पत्नी तंजीला बेसुध पड़ी है। रोते-बिलखते हुए तंजीला ने कहा कि सबुल बहुत होनहार और कमाऊ था अब मेरा और इन छोटे बच्चों का परवरिश कैसे होगा? मृतक अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गया है, जिनके सिर से अचानक पिता का साया उठ जाने से भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है। सबुल के पिता जमाल और उनकी माता की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है। पूरे घर में कोहराम मचा हुआ है।




साइन इन