पापा झारखंड में मंत्री, चाचा बिहार में विधायक; तीसरी सीट से MLA चुनाव लड़ने को बच्चा तैयार है
राजनीति में परिवारवाद पर कई नेता बोलते हैं, लेकिन हर पार्टी में इसका उलटा ही चल रहा है। कहलगांव विधानसभा सीट से रजनीश यादव आरजेडी के टिकट के लिए जोर लगा रहे हैं, जिनके पिता संजय यादव झारखंड में मंत्री हैं।

राजनीति में परिवारवाद के खिलाफ ज्ञान और बयान तो कई नेता देते रहते हैं लेकिन पार्टियों में यह बीमारी गहरी हो चली है। भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में लगातार घूम रहे रजनीश यादव राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से टिकट की रेस में हैं। रजनीश यादव का परिचय यह है कि वो पड़ोसी राज्य झारखंड के गोड्डा जिले की गोड्डा सीट से राजद के विधायक हैं और हेमंत सोरेन की सरकार में उद्योग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री हैं। रजनीश यादव के चाचा यानी राजद मंत्री संजय यादव के भाई मनोज यादव बगल के बांका जिले की बेलहर सीट से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विधायक हैं। मनोज पहले भागलपुर बांका स्थानीय निकाय सीट से विधान पार्षद भी रह चुके हैं।
झारखंड के गोड्डा और बिहार के बांका जिले की एक-एक सीट से दोनों भाई विधायक हैं। मंत्री भाई का बेटा तीसरे जिले भागलपुर की उस सीट से टिकट मांग रहा है, जो सीट कांग्रेस के बड़े नेता सदानंद सिंह की पारंपरिक सीट रही है। 2020 के विधानसभा चुनाव में कहलगांव सीट से कांग्रेस ने सदानंद के बेटे शुभानंद मुकेश को लड़ाया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पवन कुमार यादव ने उनको हरा दिया। सदानंद सिंह 9 बार कहलगांव से विधायक रहे और कई बार राज्य सरकार में मंत्री के अलावा विधानसभा अध्यक्ष तक बने।
बिगड़ रहा तेजस्वी यादव का नक्षत्र? तेज प्रताप यादव से मुक्ति मिली तो रोहिणी आचार्या की दृष्टि वक्र
कहलगांव सीट पर ज्यादातर कांग्रेस का कब्जा रहा है और इसे पार्टी की मजबूत सीट माना जा सकता है। बिहार में विपक्षी दलों के महागठबंधन में सीट बंटवारे की बातचीत के दौरान कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने राजद से कहा कि सबको ‘अच्छी सीट’ मिले। कहलगांव में हार के बाद सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में शामिल हो गए। अब यहां कांग्रेस से प्रवीण कुशवाहा रेस में हैं। प्रवीण जिले में कांग्रेस के बड़े नेता हैं और सीट कांग्रेस की है तो स्वाभाविक दावेदार हैं। रजनीश यादव को राजद के कोटे में कहलगांव जाने पर टिकट मिल सकता है क्योंकि उनके मंत्री पिता संजय यादव झारखंड में पार्टी का झंडा बुलंद रखते हैं।




साइन इन