जदयू में शामिल हुए कांग्रेस नेता स्व.सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश, सीएम नीतीश से की मुलाकात
कांग्रेस के दिग्गज नेता सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश के अलावा शंभू पटेल जदयू में शामिल हो गए। रविवार को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित मिलन समारोह में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन...

कांग्रेस के दिग्गज नेता सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश के अलावा शंभू पटेल जदयू में शामिल हो गए। रविवार को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित मिलन समारोह में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में शुभानंद ने जदयू का दामन थामा। मौके पर जदयू अध्यक्ष ने कहा कि 15 साल के राज में पति-पत्नी की सरकार ने बिहार को बीमारू राज्य बना दिया था। नीतीश कुमार के नेतृत्व में जब बिहार में सरकार बनी तो उन्होंने राज्य को हट्टा-कट्टा बनाकर स्वस्थ कर दिया। अब दुनिया के किसी भी कोने में बिहारियों को पूरा सम्मान मिलता है।
जदयू अध्यक्ष ने नीति आयोग की रिपोर्ट पर कहा कि गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक जैसे विकसित राज्यों से बिहार की तुलना बेमानी है। उन राज्यों में पहले से ही आधारभूत संरचना थी। लेकिन बिहार में नीतीश सरकार में आधारभूत संरचना का निर्माण हुआ। अगर बिहार की तुलना करनी है तो 2005 के बाद और पहले के राज से तुलना करनी चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में काम हुए। इस कारण ही राज्य के कई जिले आज देश में अव्वल हैं। महिला सशक्तिकरण की मिसाल राज्य में पेश हुई। 10 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह बने। निकायों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण दिया गया।
शराबबंदी के मसले पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। कहा कि शराबबंदी के खिलाफ वही लोग माहौल बना रहे हैं जो अवैध शराब का का कारोबार कर रहे हैं। शराब का कारोबारी हों या धंधेबाजों के सम्पर्क में रहने वाले लोग ही चाह रहे हैं कि बिहार में शराबबंदी समाप्त हो जाए। लेकिन नीतीश सरकार ने प्रण लिया है। शराबबंद जारी रहेगी। महिलाओं की मांग पर सरकार ने यह निर्णय लिया है और इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। तंज कसा कि हाल ही में कुछ शराब के धंधेबाजों की गिरफ्तारी हुई है, वे किसके चेले-चपेटे हैं।
प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि शुभानंद मुकेश के आने से पार्टी को लाभ होगा। जदयू में आम हो या खास, सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान है। किसी को विचलित नहीं होना चाहिए। पार्टी के नेता नीतीश कुमार का व्यक्तित्व ऐसा है कि सभी इससे प्रभावित हैं। मिलन समारोह में सरकार के मंत्रियों में श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, संजय झा, जयंत राज, सुनील कुमार, विधान पार्षद संजय सिंह गांधी, नीरज कुमार, संजय सिंह, ललन सर्राफ सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
सीएम से मिले शुभानंद
जदयू में शामिल होने के बाद शुभानंद मुकेश, शंभु सिंह पटेल और श्री प्रयाग सिंह कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। सीएम ने तीनों नेताओं को जदयू का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री संजय झा, प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद थे। वहीं सीएम से झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो के नेतृत्व में जदयू के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष को जदयू का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। झारखंड जदयू अध्यक्ष ने पार्टी द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों के बारे में सीएम को जानकारी दी।




साइन इन