प्री-वेडिंग शूट के नाम पर 10 लाख का चूना लगाया, 30 हजार के झांसे में फंसी झारखंड की कैमरा टीम
ऋषि श्रीवास्तव नामक व्यक्ति ने रविवार को बोधगया में प्री-वेडिंग शूट कराने के लिए 30 हजार रुपये एडवांस देकर कैमरा टीम बुक किया। बोधगया पहुंचने पर होटल के कमरे से दस लाख का दो कैमरा और महंगा लेंस गायब कर दिया।

Bihar Crime News: बिहार के बोधगया में प्री-वेडिंग शूटिंग के नाम पर शातिर ठगों ने एक प्रोफेशनल कैमरामैन को जाल में फंसाकर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के कैमरे और लेंस चोरी कर लिए। साइबर ठगी और हाईटेक चोरी का यह मामला पच्छट्टी स्थित खुशी गेस्ट हाउस का है। पीड़ित झारखंड के हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलाडी गांव निवासी प्रोफेशनल कैमरामैन टिंकू कुमार दास ने बोधगया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और गायब समानों की रिकवरी का आश्वासन दिया है।
पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार को उसके मोबाइल पर ऋषि श्रीवास्तव नामक व्यक्ति का कॉल आया। उसने रविवार को बोधगया में प्री-वेडिंग शूट कराने के लिए 25 हजार रुपये एडवांस देकर बुकिंग की। उन लोगों का भरोसा जीतने के लिए पांच हजार रुपये ऑनलाइन और भी भेज दिया। आरोपी ने ठहरने, खाने-पीने और आने-जाने की व्यवस्था करने की बात भी कही थी। कमाई करने की नीयत से टिंकू दास बोधगया पहुंच गया।
महंगे कैमरे गायब
तय कार्यक्रम के अनुसार टिंकू अपने दो साथियों के साथ शनिवार देर शाम बोधगया पहुंचे। पच्छट्टी स्थित खुशी गेस्ट हाउस में कमरा संख्या 110 पहले से बुक था। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कमरे की चाबी सौंप दी। तीनों साथी कमरे में दो कैमरा किट बैग और अन्य सामान रखकर खाना खाने बाहर चले गए। करीब आधे घंटे बाद लौटने पर कमरे से दो महंगे कैमरे और पांच लेंस गायब मिले। गेस्ट हाउस के मालिक और मैनेजर से पूछा तो किसी ने संतोष जनक जवाब नहीं दिया था।
गेस्ट हाउस की लापरवाही उजागर
इस मामले में गेस्ट हाउस प्रबंधन की लापरवाही भी उजागर हुई है। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। पुलिस पहुंची और कमरों की छानबीन की। पूछताछ में गेस्ट हाउस प्रबंधन ने बताया कि कमरा बिना पहचान पत्र के बुक कराया गया था। घटना के बाद बुकिंग कराने वाले व्यक्ति का मोबाइल भी बंद हो गया। गेस्ट हाउस के संचालक कई प्रकार के बहाने बनाने लगा।
इस मामले में बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कांड दर्ज करके मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जो लोग गेस्ट हाउस में ठहरे थे उनकी तलाश भी की जा रही है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा। टिंकू दास और उनके दोस्त काफी टेंशन में हैं। कहा है कि झारखंड सरकार के माध्यम से बिहार सरकार से मामले की शिकायत की जाएगी। इसमें गेस्ट हाउस प्रबंधन की भी संलिप्तता हो सकती है।




साइन इन