नेपाली हसीना का नशीला कारोबार, किशनगंज में ब्राउन शुगर के साथ एसएसबी ने सीमा पर दबोचा
एसएसबी को अपने गुप्तचर तंत्र से सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है।सीमा से लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक संदिग्ध महिला को ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया।

भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 41वीं वाहिनी रानीडांगा को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी की पानी टंकी कंपनी अंतर्गत ओल्ड ब्रिज बीओपी की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नेपाली महिला तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 38.7 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई है। उसने बताया कि पहले भी नशे की खेप लेकर सीमा पार कर चुकी है। पुलिस महिला तस्कर से पूछताछ कर रही है ताकि गिरोह का पता लगाया जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसबी को अपने गुप्तचर तंत्र से सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर ओल्ड ब्रिज बीआईटी टीम ने खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा के समीप बीपी नंबर 90/1 के पास विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सीमा से लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक संदिग्ध महिला को रोक कर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान महिला के पास से 37 अलग-अलग पुड़ियों में पैक 38.7 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, एक सैमसंग मोबाइल फोन, दो नेपाली सिम कार्ड, 20 हजार नेपाली रुपये तथा पहचान पत्र बरामद किए गए। एसएसबी के स्निफर डॉग एवं ड्रग डिटेक्शन किट की सहायता से जांच करने पर पदार्थ के मादक होने की पुष्टि हुई। महिला तस्कर सुरक्षा बलों को देखकर भागने की फिराक में थी। लेकिन, एसएसबी के जवानों ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया। पूछताछ में नशे का खेप लेकर भारत में दाखिल होने की कोशिश का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार महिला ने अपना नाम जम्मू कुमारी सदा, पति विष्णु सदा, निवासी दमक, झापा (नेपाल) बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने उक्त मादक पदार्थ पानीटंकी निवासी पूजा पोद्दार से 60 हजार नेपाली रुपये में खरीदा था। गिरफ्तार हिला ने यह भी बताया कि वह पूर्व में भी दो बार इसी प्रकार की तस्करी कर चुकी है। चालाकि से उसने दो बार सुरक्षा कर्मियों को चकमा दे दिया। लेकिन, इस बार वह पकड़ी गई.
एसएसबी ने गिरफ्तार महिला, बरामद ब्राउन शुगर एवं अन्य सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु खोरीबाड़ी थाना के हवाले कर दिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उसके गिरोह में शामिल अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है।
(ठाकुरगंज से राजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट)




साइन इन