5 साल के बच्चे की हत्या से पहले हॉस्टल में हुआ था गलत काम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि
जहानाबाद के स्कूल हॉस्टल में 5 साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या किए जाने से पहले उसका दुष्कर्म यानी अप्राकृतिक यौनाचार किया गया था। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। पुलिस ने स्कूल के कैंटीन के गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है, प्रिंसिपल पहले से जेल में है।

बिहार के जहानाबाद शहर से सटे कनौदी बाईपास के समीप स्थित एक निजी स्कूल के छात्रावास में पांच वर्षीय मासूम बच्चे के साथ दुष्कर्म (अप्राकृतिक यौनाचार) की घटना हुई थी। गुरुवार को पटना के पीएमसीएच से आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। जहानाबाद एसपी अपराजित लोहान ने भी इसकी पुष्टि की है। दुष्कर्म की घटना के बाद मासूम की नृशंस तरीके से हत्या किए जाने की झकझोर देने वाली घटना के मामले में पुलिस ने दूसरी गिरफ्तारी की है।
इस मामले का तकनीकी अनुसंधान पूरा हो गया है। शुक्रवार दोपहर एसपी पुलिस ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का विस्तार से खुलासा करेंगे। उक्त घटना में स्कूल के छात्रावास में रहने वाले कैंटीन के एक गार्ड सुदामा प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जेल भेजा गया है। इसके पूर्व निजी स्कूल सह छात्रावास के संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम कर दी रिपोर्ट
बता दें कि तीन दिन पूर्व सोमवार को निजी स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ने वाले बुलाकी विगहा गांव के निवासी पांच वर्षीय एक मासूम बच्चा खून से लथपथ मिला था। उसके गर्दन, पेट, आंख के ऊपर और उसके गुप्तांग पर धारदार हथियार से काटे जाने के कई जख्म पाए गए। घटना को लेकर काफी हंगामा मचा था। मृत लड़के के पिता के बयान पर सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या किए जाने की प्राथमिकी थाने में दर्ज हुई थी।
जहानाबाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए मृत बच्चे के शव को लाया गया था, लेकिन अस्पताल प्रबंधन के द्वारा इस मामले को गंभीर मानते हुए बेहतर जांच रिपोर्ट के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजा गया था। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से कई सैंपल इकट्ठा किए थे। पीएमसीएच में तीन डॉक्टरों की मेडिकल टीम गठित कर मंगलवार की सुबह बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराया गया था। गुरुवार को यहां उसकी रिपोर्ट आई जिसमें उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की भी पुष्टि हुई।
यूकेजी का था छात्र
जिस छात्र की रेप और हत्या की गई, वह यूकेजी की पढ़ाई कर रहा था। वह स्कूल के हॉस्टल में ही अन्य छात्रों के साथ रह रहा था। उसके पिता ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ गैंगरेप और मर्डर का केस दर्ज कराया था। मृत बच्चे का बड़ा भाई भी उसी स्कूल हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
किसी अंदर वाले का ही काम
जांच के दौरान पता चला कि बच्चे के साथ रेप और धारदार हथियार से हत्या किए जाने का आरोपी कोई अंदर का ही था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। जिस रात यह घटना हुई, ना तो कोई व्यक्ति बाहर से अंदर आया और ना ही कोई अंदर से बाहर गया था।
पुलिस ने एक दिन पहले स्कूल में कार्यरत तीन शिक्षकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। हालांकि, वे घटना के समय मौके पर नहीं थे, इसलिए उन्हें बॉन्ड पेपर भरवाकर छोड़ दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।




साइन इन