uproar follows brutal murder of 5 year old child in hostel gaya patna highway blocked हॉस्टल में 5 साल के बच्चे की निर्मम हत्या के बाद बवाल, गयाजी-पटना हाईवे ब्लॉक, Bihar Hindi News - Hindustan
More

हॉस्टल में 5 साल के बच्चे की निर्मम हत्या के बाद बवाल, गयाजी-पटना हाईवे ब्लॉक

बिहार के जहानाबाद जिले के लोदीपुर स्थित 'गुरुकुल हॉस्टल एंड स्कूल' में यूकेजी (UKG) के 5 वर्षीय छात्र आशु कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बच्चे की चाकू मारकर निर्मम हत्या की गई है, क्योंकि उसके शरीर, गर्दन और आंख पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।

Mon, 6 April 2026 02:22 PMJayendra Pandey लाइव हिन्दुस्तान, जहानाबाद
share
हॉस्टल में 5 साल के बच्चे की निर्मम हत्या के बाद बवाल, गयाजी-पटना हाईवे ब्लॉक

Bihar News: बिहार के जहानाबाद जिले के एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रह रहे मात्र 5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक बच्चे की पहचान उकानी गांव निवासी धनंजय कुमार के बेटे आशु कुमार (5 वर्ष) के रूप में की गई है, जो लोदीपुर स्थित 'गुरुकुल हॉस्टल एंड स्कूल' में यूकेजी का छात्र था। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आशु हॉस्टल में ही रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था।

हॉस्टल में मिला बच्चे का शव, गर्दन और आंख पर थे चोट के निशान

सोमवार की सुबह करीब 6 बजे हॉस्टल प्रशासन ने आशु के परिजनों को फोन कर सूचना दी कि बच्चे की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। यह सुनकर परिजन फौरन सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि आशु की मौत हो चुकी थी और उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। बच्चे के परिजनों का आरोप है कि उसकी चाकू मारकर हत्या की गई है। बच्चे की हालत नाजुक देखते हुए उसे सदर अस्पताल से पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने हाईवे किया जाम

मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जहानाबाद में जमकर बवाल काटा। परिजनों ने सदर अस्पताल के पास ही गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 22) को जाम कर दिया और हॉस्टल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल के शिक्षकों और प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण ही उनके बच्चे की जान गई है। परिजनों का कहना था कि जब तक प्रशासन ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देगा, वे जाम नहीं हटाएंगे। सड़क जाम के कारण एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प हो गई।

हॉस्टल सील, इंचार्ज हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टाउन थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद जाम को हटाया जा सका। पुलिस ने मासूम के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लोदीपुर स्थित 'गुरुकुल हॉस्टल एंड स्कूल' को सील कर दिया है। पुलिस ने हॉस्टल के इंचार्ज को भी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुख्यमंत्री निशांत कुमार जिंदाबाद, पटना में नीतीश के सामने लगे नारे
ये भी पढ़ें:बिहार में शराबबंदी से 40 हजार करोड़ की अर्थव्यवस्था खड़ी हुई, तेजस्वी बोले
ये भी पढ़ें:लव मैरिज का खौफनाक खात्मा: लोहे की रॉड से पत्नी की हत्या, बोरे में शव फेंका
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।