चुनाव के बाद JDU के नेताओं का आखिरी रास्ता जन सुराज; प्रशांत किशोर ने नीतीश के रथ पर भी कसा तंज
शेखपुरा में मिलन समारोह के दौरान जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि नवंबर के बाद जेडीयू के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आखिरी रास्ता जन सुराज ही होगा। पीके ने कहा कि अब तो नीतीश कुमार भी पीले रंग के रथ से घूमने लगे हैं।जैसे हर पीली चीज सोना नहीं होती, वैसे ही हर पीला रंग जन सुराजी नहीं होता।
जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होने कहा कि आगामी नवंबर (चुनाव बाद) जदयू के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आखिरी रास्ता जन सुराज ही होना है। इसीलिए नीतीश कुमार ने भी अब चुनाव प्रचार के लिए पीला रथ बनवाया है। अब उसी से घूमने लगे हैं। लेकिन जैसे हर पीली चीज सोना नहीं होती वैसे ही पीली टोपी, पीला गमछा पहनने वाला भी जन सुराजी नहीं होता है। जो बिहार के विकास की विचारधारा को मानता है, वो पीला है, वो जनसुराजी है। ये बातें प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को शेखपुरा हाऊस में आयोजित मिलन समारोह के दौरान कहीं।
प्रशांत किशोर ने कहा कि अब नीतीश कुमार भी पीले रंग के रथ से घूमेंगे तो लोग यही मानेंगे कि उन्होने भी मान लिया है कि जेडीयू का भविष्य जन सुराज में ही है। पीके ने कहा कि 'हम तो पहले से कह रहे हैं कि चुनाव के बाद जदयू के नेताओं, कार्यकर्ताओं का आखिरी रास्ता जन सुराज ही है। भविष्य में यहीं उनको व्यवस्था मिलने वाली है। अब गांव-गांव में पहचान बन गई है कि पीला रंग मतलब जनसुराज। इसी के चलते कुछ लोगों में ऐसी दुर्भावना आई है, कि पीला रंग दिखाकर अपने सिंबल पर वोट ले लेंगे। लेकिन जनता बेवफूक नहीं है, उसे पता है कि जैसे जनसुराज का रंग पीला है, वैसे ही उसका चुनाव चिह्न भी स्कूल का बस्ता है।
उन्होंने कहा कि जन सुराज में वो लोग आ रहे जो बेहतर व्यवस्था बनाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि बिहार सुधरे। हम चाहते हैं कि कर्नाटक-गुजरात की तरह बिहार में भी विकास हो। वहीं इस मौके पर जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि आज बिहार भर के लोग यह जान रहे हैं कि उनकी समस्याओं का समाधान जन सुराज ही कर सकता है। मिलन समारोह में भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुधीर शर्मा, पूर्व महिला प्रदेश उपाध्यक्ष विनीता मिश्रा और युवा उद्यमी चेतना झांब समेत कई राजनीतिक दलों के लोग जन सुराज में शामिल हुए।




साइन इन