भाभी से अवैध संबंध का विरोध करने पर बिहार में पत्नी का कत्ल, पति फरार
घटना के संबंध में अनीता की भाभी निशु देवी ने बताया कि उनकी ननद की शादी बारह वर्ष पहले हुई थी। उनके पति का करीब ढाई वर्ष से अपनी भाभी से अवैध संबंध था। इस कारण वह अनीता देवी के साथ मारपीट करता था।

बिहार में भाभी से अवैध संबंध का विरोध करने पर एक युवक पर अपनी ही पत्नी की हत्या का आरोप लगा है। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के पियनिया गांव में सोमवार की रात अवैध संबंध का विरोध करने पर एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। गर्दन पर रस्सी का काला दाग और नाक एवं मुंह से सफेद झाग निकले होने के कारण मायके वालों की ओर से रस्सी से गला घोंट कर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है।
मृत महिला मूल रूप से संदेश थाना क्षेत्र के जमुआंव गांव निवासी रंजय साह की 30 वर्षीय पत्नी अनीता देवी थी। पति की गलत हरकत के कारण ही वह करीब छह साल से अपने बच्चों के साथ मायके पियनिया रहने लगी थी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश पुलिस बल के साथ पहुंचे और छानबीन की।
बाद में फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और अपने स्तर से तफ्तीश की। टीम की ओर से घटनास्थल से कुछ साक्ष्य ही संकलन किया गया। इसके बाद पुलिस की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के संबंध में अनीता की भाभी निशु देवी ने बताया कि उनकी ननद की शादी बारह वर्ष पहले हुई थी। उनके पति का करीब ढाई वर्ष से अपनी भाभी से अवैध संबंध था। इस कारण वह अनीता देवी के साथ मारपीट करता था। घर के खर्च के लिए पैसे भी नहीं देता था।
इस बात को लेकर उनके बीच झगड़ा भी होता रहता था। इस कारण पांच साल पूर्व उनकी ननद मायके आ गयी। इसके बाद से वह मायके में रहती थी। पांच माह पूर्व बहनोई की मां की मौत हो गई थी। इसके बाद से उनके बहनोई रंजय साह भी पियनिया गांव आ गये और पत्नी के साथ ही रहने लगे। सोमवार की रात सभी लोग खाकर अपने-अपने कमरे में चले गये। इसके बाद दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद रंजय साह की ओर से अपनी पत्नी की रस्सी से गला घोंट हत्या कर दी गई।
मंगलवार की सुबह घर के लोग जगे, तो देखा कि उनकी ननद के कमरे का दरवाजा खुला है। बच्चे सोए हैं, ननद अनीता देवी मृत पड़ी है और उनके पति रंजय साह फरार हैं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। भाभी निशु देवी की ओर से अवैध संबंध का विरोध करने पर बहनोई रंजय साह पर अपनी पत्नी अनीता देवी की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर सेछानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि अनीता देवी दो भाई और दो बहनों में छोटी थी। उनको दो पुत्र सूरज, रौशन और पुत्री खुशी है। घटना के बाद उनके के घर में कोहराम मच गया है।




साइन इन