सम्राट CM बनते हैं तो उन्हें मेरा समर्थन, लालू के लाल का कैसा दांव? नीतीश के बेटे निशांत पर क्या बोले
तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के उस सोशल मीडिया अभियान को गलत बताया, जिसमें सत्ताधारी NDA की कथित नाकामियों को उजागर किया गया था। ऐसा माना जाता है कि उनके अपने छोटे भाई के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राज्य सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने बुधवार को कहा कि अगर JD(U) अध्यक्ष नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी राज्य के मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उन्हें उनका "समर्थन" मिलेगा। राजधानी पटना में यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए तेज प्रताप ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा, "वह दिल्ली भाग रहे हैं क्योंकि उनकी शराबबंदी नीति फेल हो गई है।"
अपने पिता लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली RJD से पिछले साल निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने 'जनशक्ति जनता दल' बनाई है। उन्होंने दावा किया, “RJD में रहते हुए मैंने भले ही शराबबंदी का समर्थन किया हो, लेकिन सच यह है कि शराब पर बैन फेल हो गया है। यहां तक कि महिलाएं भी शराब की अवैध बिक्री और सेवन में शामिल हैं। अब यह समझते हुए नीतीश दिल्ली भाग रहे हैं और CM पद से इस्तीफा देना चाहते हैं।”
निशांत बहुत अनुभवहीन
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अपने पिता के बाद सत्ता की कुर्सी संभाल सकते हैं, तो यादव ने कहा, “वह इसके लिए बहुत अनुभवहीन हैं। वह मुझसे उम्र में बड़े हो सकते हैं, लेकिन सच यह है कि राजनीति में अनुभव ही मायने रखता है। जब उन्हें पर्याप्त अनुभव मिल जाएगा, तब हम देखेंगे।”
तेजस्वी के अभियान को बताया गलत
मौजूदा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (जिनका नाम मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में है) के बारे में यादव ने कहा, "अगर वह CM बनते हैं, तो ठीक है। उन्हें मेरा समर्थन मिलेगा।" माना जा रहा है कि ऐसा बयान देकर तेज प्रताप सम्राट से नजदीकियां बढ़ाना चाह रहे है हैं। इसके साथ ही यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के उस सोशल मीडिया अभियान को गलत बताया, जिसमें सत्ताधारी NDA की कथित नाकामियों को उजागर किया गया था। ऐसा माना जाता है कि उनके अपने छोटे भाई के साथ संबंध अच्छे नहीं हैं।
मैं अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष
यादव ने कहा, "हम सभी बिहार में ही पैदा हुए और पले-बढ़े हैं। हमें हमेशा अपने गृह राज्य के बारे में अच्छी बातें कहनी चाहिए; भले ही यह गरीब दिखता हो, लेकिन यहां रहने वाले लोग दिल के बहुत अमीर हैं।" जब उनका ध्यान तेजस्वी को हाल ही में RJD का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की ओर दिलाया गया, तो यादव ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, "मैं अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष हूं। अगर वह मुझसे प्रेरणा ले रहे हैं, तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है।"




साइन इन