NSE CEO Ashish Chauhan visits BJP Dy CM Samrat Choudhary in Patna says look forward to work with you and your government आप और आपकी सरकार के साथ…; सम्राट चौधरी से बोले देश के नंबर 1 एक्सचेंज NSE के CEO आशीष, Bihar Hindi News - Hindustan
More

आप और आपकी सरकार के साथ…; सम्राट चौधरी से बोले देश के नंबर 1 एक्सचेंज NSE के CEO आशीष

Samrat Choudhary News: देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के सीईओ आशीष चौहान ने सम्राट चौधरी से मिलकर कहा है कि वह आगे सम्राट और उनकी सरकार के साथ काम करने की आशा रखते हैं।

Tue, 7 April 2026 05:22 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
आप और आपकी सरकार के साथ…; सम्राट चौधरी से बोले देश के नंबर 1 एक्सचेंज NSE के CEO आशीष

Samrat Choudhary News: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के सांसद चुने जाने के बाद से नए मुख्यमंत्री का इंतजार कर रहे बिहार में नए सीएम को लेकर गहमागहमी है। नीतीश की जगह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का कोई नेता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार का मुखिया बन सकता है, ऐसी चर्चा है। इस बीच देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) आशीष चौहान ने सम्राट चौधरी मुलाकात की और फिर सोशल मीडिया पर कहा कि वह आने वाले समय में सम्राट और उनकी सरकार के साथ काम करने की आशा रखते हैं। शेयर बाजार का निफ्टी 50 सूचकांक NSE संचालित करता है, जबकि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स है। एनएसई दुनिया का सबसे बड़ा 5वां एक्सचेंज है।

हाल में ऐसे कई संकेत मिल रहे हैं, जिससे अनुमान लग रहा है कि बिहार में बीजेपी का पहला सीएम बनने की रेस में सम्राट की दावेदारी सबसे मजबूत है। सम्राट समर्थक आशीष चौहान का सम्राट से मिलने जाना भी उन संकेतों में एक गिन रहे हैं। आशीष चौहान शनिवार को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोधगया के दीक्षांत समारोह में शामिल होने बतौर मुख्य अतिथि आए थे। समारोह में आशीष चौहान की बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से मुलाकात हो गई थी। बिहार दौरे के क्रम में आशीष चौहान ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की। आशीष चौहान ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है।

एनएसई के सीईओ के सोशल मीडिया अकाउंट पर पटना में और किसी मुलाकात की फोटो नहीं है, जिससे ये माना जा रहा है कि उनकी नीतीश कुमार या दूसरे बड़े नेताओं से मुलाकात नहीं हुई। कुछ दिन पहले भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा जब RBI बोर्ड मीटिंग के लिए पटना आए थे, तब वह भी नीतीश और सम्राट से मिले थे। उसे भी केंद्र में सरकार चला रही भाजपा का एक इशारा माना गया था, क्योंकि रिजर्व बैंक के गवर्नर ने वित्त मंत्री या राजस्व मंत्री को छोड़कर सीएम के अलावा गृह मंत्री से मुलाकात की थी।

आशीष चौहान ने सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद फोटो के साथ ट्वीट करके लिखा है- “आज मुझे सम्राट चौधरी से मिलने और विचारों का आदान-प्रदान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वह बिहार के युवा और ऊर्जावान नेता तथा उपमुख्यमंत्री हैं। मुलाकात आईआईएम बोधगया के दीक्षांत समारोह के लिए मेरी यात्रा के दौरान पटना में हुई। सर, आपकी उदारता के लिए आभार। बिहार के विकास के लिए भविष्य में आपके और आपकी सरकार के साथ काम करने की आशा है।” सम्राट समर्थक इस ट्वीट में ‘आपके और आपकी सरकार’ पर गौर कर रहे हैं।

खैर, बिहार में एनडीए सरकार के नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अभी कोई तय तारीख सामने नहीं आई है। नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली जाकर 10 अप्रैल को सांसद की शपथ ले सकते हैं। नीतीश के वापस लौटने के बाद 12 अप्रैल तक उनके इस्तीफा देने और फिर एनडीए दलों के विधायक दल की बैठक के क्रम में सबसे अंत में एनडीए विधायक दल के नेता का चुनाव होने की चर्चा है। एनडीए के विधायक दल का नेता ही नया मुख्यमंत्री होगा। अभी जेडीयू और एनडीए के विधायक दल के नेता नीतीश सीएम हैं।

नई सरकार में भाजपा विधायक दल का नेता ही एनडीए का नेता और सीएम बन सकता है। इसलिए सबकी नजर भाजपा विधायक दल का नेता चुनने की प्रक्रिया पर है। दिल्ली में पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक से इसकी पटकथा लिखी जाएगी। दिल्ली से आने वाले पर्यवेक्षक विधायक दल की बैठक में सीएम पद के लिए नेतृत्व के मन और पसंद की बात बताएंगे। प्रस्ताव, समर्थन व अनुमोदन जैसी औपचारिकताओं के साथ नेता चुन लिया जाएगा। इस समय भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट ही हैं और राज्य की सरकार में दो डिप्टी सीएम के बीच नंबर 2 की हैसियत रखते हैं। दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा भाजपा विधायक दल के उप-नेता हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:विजय सिन्हा ने कर दी सम्राट चौधरी की राह आसान? बोले- मैं सेवक की रेस में हूं
ये भी पढ़ें:बंगाल चुनाव में सम्राट चौधरी को बड़ा जिम्मा, 40 स्टार प्रचारकों में बिहार से कौन
ये भी पढ़ें:सम्राट चौधरी और जमा खान के कंधों पर हाथ रख बोले नीतीश- बहुत आगे बढ़ेंगे
ये भी पढ़ें:सम्राट ने 'काला पानी' जैसी जेल की जगह बताई, आतंकी और दुर्दांत अपराधी रखे जाएंगे
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।