सासाराम में पति-पत्नी ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला; लव अफेयर में हत्या की आशंका
सासाराम के बराढ़ी गांव में शादीशुदा महिला से मिलने पहुंचे युवक शैलेंद्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। प्रेम प्रसंग में महिला के पति समेत चार पर केस दर्ज हुआ। पति-पत्नी गिरफ्तार हैं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बिहार के सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बराढ़ी गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
मृतक की पहचान गांव निवासी लालबदन सिंह के 28 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शैलेंद्र एक पैर से दिव्यांग था। उसके पिता लाल बदन सिंह ने बताया कि देर रात शैलेंद्र घर से बाहर शौच जाने की बात कहकर निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच सूचना मिली कि उसे पड़ोस के एक घर में खींचकर ले जाया गया है और वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है।
घायल अवस्था में मिला युवक
लाल बदन सिंह ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ घटनास्थल पर गई। वहां शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर दो महिला और एक पुरुष मौजूद थे। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर गई, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। आरोप है कि शैलेंद्र का गांव की ही एक शादीशुदा महिला रागिनी मिश्रा से लंबे समय से फोन पर संपर्क था। घटना की रात कथित तौर पर महिला के बुलाने पर वह उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के पति दद्दू मिश्रा और अन्य परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
पति-पत्नी गिरफ्तार
मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि इस मामले में दद्दू मिश्रा और उसकी पत्नी रागिनी मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन