horrific crime in bihar toto driver murdered over affair suspicion hands severed body dumped in maize field बिहार में खौफनाक वारदात, अवैध संबंध के शक में टोटो चालक की निर्मम हत्या; दोनों हाथ काटकर मक्के के खेत में फेंका शव, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में खौफनाक वारदात, अवैध संबंध के शक में टोटो चालक की निर्मम हत्या; दोनों हाथ काटकर मक्के के खेत में फेंका शव

Bihar Crime News: कटिहार के भिलाई गांव में अवैध संबंध के शक में 40 वर्षीय टोटो चालक की निर्मम हत्या कर दी गई। अपराधियों ने हाथ काटकर शव मक्के के खेत में फेंक दिया।

Tue, 26 May 2026 04:03 PMJayendra Pandey हिन्दुस्तान, शशि रमन, कटिहार
share
बिहार में खौफनाक वारदात, अवैध संबंध के शक में टोटो चालक की निर्मम हत्या; दोनों हाथ काटकर मक्के के खेत में फेंका शव

Bihar Crime News: बिहार के कटिहार के बलरामपुर थाना क्षेत्र के भिलाई गांव में अज्ञात और बेखौफ अपराधियों ने एक टोटो चालक की धारदार हथियार से निर्मम तरीके से हत्या कर दी। हत्यारों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए मृतक के दोनों हाथ धड़ से अलग कर दिए और शव को मक्के के खेत में फेंक दिया। इस खौफनाक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में भारी दहशत और सनसनी का माहौल है। ग्रामीणों के बीच इस नृशंस हत्याकांड को लेकर काफी आक्रोश भी देखा जा रहा है।

हरिपुर से लौटते वक्त रास्ते में घात लगाकर हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भिलाई गांव निवासी 40 वर्षीय बाबू लाल नुनिया के रूप में हुई है, जो टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में अब मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात करीब नौ बजे वह हरिपुर गांव से वापस अपने घर भिलाई लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सुनसान जगह पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। अपराधियों ने धारदार हथियारों से वार कर उसे मौत के घाट उतारा और पहचान छिपाने के लिए दोनों हाथ काटकर शव खेत में ठिकाने लगा दिया।

अवैध संबंध में मर्डर की आशंका

मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए, तो उनकी नजर मक्के के खेत में पड़े क्षत-विक्षत शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही बलरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ अहम सुराग भी इकट्ठा किए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक बाबू लाल का हरिपुर गांव की ही एक महिला के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध था। अंदेशा जताया जा रहा है कि इसी रंजिश और विवाद में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है।

तकनीकी साक्ष्यों से हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस

कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से गंभीरता से जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए सघन छानबीन जारी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटा रही है। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति सामान्य बताते हुए गांव में निगरानी बढ़ा दी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार विधान परिषद चुनाव का ऐलान, 9 सीटों पर फुल टर्म, नीतीश की जगह 4 साल की पारी
ये भी पढ़ें:सिद्धारमैया बनेंगे नीतीश? पर सम्राट नहीं बन पाएंगे DK;कर्नाटक में बिहार जैसा खेल
ये भी पढ़ें:यूपी में एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, बस पलटने से बिहार के दारोगा-कैदी की मौत
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।