आसमान से बरस रही आग के बीच पानी की किल्लत में बेहाल हैं लोग
झुग्गी-झोपड़ियों, टीम शेड के नीचे रहने वाले लोगों की बस्तियों में दिख रही पानी की किल्लत तंगौल पुल घाट स्थित झोपड़पट्टी मोहल्ले में रहने वाले 50 -60 परिवार दूर से लाते हैं पानी नलजल वाले नल में पानी...

हाजीपुर । संवाद सूत्र आसमान के बरस रही आग के बीच शहर में गर्मी ने लोगों को सुख-चैन छीन रखा है। ऐसे में लू के थपेड़ों ने असर दिखाना शुरू कर दिया। शनिवार को आपके अपने अखबार ने झुग्गी-झोपड़ियों, टीम शेड के नीचे रहने वाले लोगों की गरीब बस्तियों में की पड़ताल की। बातचीत के दौरान पता चला कि लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं। तंगौल पुल घाट स्थित झोपड़पट्टी मोहल्ले में रहने वाले करीब 50 से 60 परिवार इन दिनों भीषण गर्मी और पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। लकड़ी, प्लास्टिक और टीनशेड से बने घरों में रहने वाले लोगों के लिए दिन तो किसी तरह कट जाती है, लेकिन राते में भी टीनशेड की तपिश में सोना मुश्किल हो जाता है।
इस दौरान पानी की किल्लत से भी इन्हें जूझना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी चंदेश्वर मलिक बताते हैं कि पूरे मोहल्ले में महज दो हैंडपंप हैं, जिनसे ही सभी परिवारों को पीने और घरेलू काम के लिए पानी लेना पड़ता है। करीब 100 मीटर दूर नदी किनारे एक चापाकल है, वहीं से पानी लाना पड़ता है। गर्मी के कारण पानी का स्तर नीचे चला गया है, जिससे पानी निकालना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नल-जल योजना के तहत अधिकांश घरों में कनेक्शन लगा है, लेकिन इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, नल में पानी चार-पांच दिनों में एक बार ही आता है। वह भी बहुत कम समय के लिए। रोजाना पानी नहीं मिलने से परेशानी और बढ़ गई है। वहीं, बैद्यनाथ प्रसाद का कहना है कि बिजली की सुविधा होने के बावजूद टीन-शेड में गर्मी असहनीय हो जाती है। पंखा चलता है तो ऐसा लगता है जैसे गर्म हवा चल रही हो। घर के अंदर बैठना मुश्किल हो जाता है। नलजल व्यवस्था को सुचारु करें मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत पूरी नहीं होने से जीवन संकट में है। साफ कहना है कि नगर परिषद को जल्द से जल्द नलजल व्यवस्था को सुचारु करना चाहिए या वैकल्पिक रूप से पानी की पर्याप्त व्यवस्था करनी चाहिए। इसके अलावा, गर्मी के मौसम में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, अतिरिक्त चापाकल लगाए जाएं और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। हाजीपुर - 01 - तंगौल के पुल घाट के पास चापाकल की स्थिति। हाजीपुर- 02 - तंगौल पुल घाट के पास झुग्गी झोपड़ी की जर्जर स्थिति। हाजीपुर - 03 - नलजल चलने के बाद पानी के लिए लाइन में लगे डब्बे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन