10 तारीख तक 20 लाख दो वरना 11 को हत्या कर देंगे, बिहार में कारोबारी को धमकी से हड़कंप
अपराधियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से “राजू रंग” नामक आईडी से सन्नी वर्मा को धमकी भरा संदेश भेजा है। संदेश में साफ तौर पर 20 लाख रुपये की मांग की गई है और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है।

Bihar News: बिहार में एक कारोबारी से रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी मांगने वालों ने धमकी दी है कि अगर उन्होंने 10 अप्रैल तक पैसे नहीं दिए तो वो उनकी हत्या कर देंगे। पूरा मामला मोतिहारी जिले का है। यहां जागापाकड़ भैया टोला निवासी कॉर्पोरेट व्यवसाई सन्नी वर्मा से अपराधियों द्वारा 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।
अपराधियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से “राजू रंग” नामक आईडी से सन्नी वर्मा को धमकी भरा संदेश भेजा है। संदेश में साफ तौर पर 20 लाख रुपये की मांग की गई है और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। साथ ही 10 अप्रैल तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा गया है कि निर्धारित रकम 10 अप्रैल की रात 10 बजे भादा स्कूल से पहले सड़क किनारे रख दी जाए, अन्यथा 11 अप्रैल को हत्या कर दी जाएगी।
इस धमकी के बाद व्यवसायी सन्नी वर्मा ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में भी उनसे इसी तरह रंगदारी मांगी गई थी, जिसमें उनके ही गांव के राजू दास और विजय दास को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मामले को लेकर हरसिद्धि थाना के अपर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना से दहशत का माहौल है। इधर पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
जदयू विधायक चेतन आनंद पर रंगदारी मांगने का आरोप
इधर बिहार के ही औरंगाबाद जिले में जदयू के पूर्व जिला प्रवक्ता राजीव रंजन ने शनिवार को प्रेसवार्ता में नवीनगर के जदयू विधायक चेतन आनंद पर रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया। राजीव रंजन ने आरोप लगाया कि 2 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 बजे विधायक अपने सरकारी अंगरक्षकों के साथ उनके घर पहुंचे। गाली-गलौज की और परिवार के सदस्यों से अभद्र व्यवहार किया। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि वे जदयू के जिला प्रवक्ता रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी बिजली परियोजना में उनका सिविल कार्य चल रहा है। आरोप लगाया कि विधायक ने इस काम को बंद कराने की धमकी दी और रंगदारी की मांग की।
चेतन आनंद क्या बोले
नवीनगर के विधायक चेतन आनंद ने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि धनौती गांव के कुछ युवकों ने फोन कर जानकारी दी थी कि राजीव रंजन उर्फ राजा, खुद को जदयू नेता बताकर एनटीपीसी में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूल रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद जब इस बारे में पता किया तो यह बात सही पायी गई। राजीव रंजन द्वारा अपने एक पड़ोसी को लगातार धमकी भी दी जा रही थी थी।
दोनों मामले को लेकर उनके घर पर गए थे और उन्हें समझाया गया था कि ऐसा नहीं करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रंगदारी मांगने का आरोप पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद है। जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका कर्तव्य है कि उनके क्षेत्र के युवाओं से कोई ठगी नहीं करे। विधायक ने कहा कि इस तरह के मामलों को तूल नहीं दिया जाना चाहिए। इससे कुछ लोगों को अनावश्यक लोकप्रियता मिलती है।




साइन इन