गैंगरेप कर पेड़ से लटका दिया.., बिहार के सुपौल में शादी में गई छात्रा की लाश मिलने पर बोले परिजन
मृतका के परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के कुछ युवकों ने युवती को ट्यूबवेल के पास से अपहृत कर बगीचे में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसे पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका दिया। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बिहार में अब एक और छात्रा की लाश संदिग्ध स्थितियों में मिली है। सुपौल जिले में छात्रा की लाश मिलने के बद परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप हुआ और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई है। यहां त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में गई बीए पार्ट वन की एक छात्रा की लाश पेड़ से लटकी मिली। युवती का शव उसके ननिहाल से कुछ दूरी पर स्थित बगीचे में एक शीशम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका था। मृतका मूलतः जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। वह बचपन से ही अपने नाना के यहां रहकर पढ़ाई करती थी।
रविवार रात करीब आठ बजे वह पड़ोस में ही रिश्तेदार के घर शादी से पूर्व होने वाले मटकोर, कुम्भरम व हल्दी-मेहंदी रस्म में शामिल होने गई थी। परिजनों के अनुसार, रात में रस्म के दौरान वह हैंडपंप पर हाथ धोने के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद देर रात जब परिजन बगीचे में पहुंचे तो युवती का शव शीशम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि पड़ोस के कुछ युवकों ने युवती को ट्यूबवेल के पास से अपहृत कर बगीचे में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसे पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका दिया। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को जिला फोरेंसिक टीम, साइबर थाना टीम तथा डीआईयू की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया।
मौके से युवती की चप्पल भी बरामद हुई है। घटना को लेकर एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि युवती का शव मिलने के मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल और टेक्निकल टीम भी जांच में जुटी है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुष्कर्म की आशंका के संबंध में उन्होंने कहा कि एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।




साइन इन