Bihar Weather: होली से पहले सर्दी की विदाई और गर्मी ने ली अंगड़ाई, बिहार में आगे कैसा रहेगा मौसम
Bihar Weather: मौसम विभाग के अनुसार इस बार तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च और अप्रैल में गर्मी और अधिक तेज हो सकती है। फरवरी में ही पारा 30 डिग्री पार कर कर रहा है।

Bihar Weather: फरवरी का महीना बीत रहा है। इसके साथ ही मौसम ने अपना मिजाज बदलना शुरू कर दिया है। सर्दी की विदाई के साथ ही गर्मी ने अंगड़ाई ले ली है। दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को दोपहर में तेज गर्मी का एहसास होने लगा है। सुबह और रात में हल्की ठंडक जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर का सूरज अब तीखा होता जा रहा है। शहर और ग्रामीण इलाकों में दोपहर के समय गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। घरों से लेकर दफ्तरों तक पंखे चलने लगे हैं।
जहां कुछ दिन पहले लोग धूप का आनंद ले रहे थे, वहीं अब छांव की तलाश करते नजर आ रहे हैं। बाजारों में दोपहर के समय चहल-पहल कुछ कम हो जाती है और लोग जरूरी काम निपटाकर जल्दी घर लौटना पसंद कर रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी दोपहर में गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मार्च से अप्रैल में गर्मी में और अधिक तेजी
मौसम विभाग के अनुसार इस बार तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना जताई जा रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च और अप्रैल में गर्मी और अधिक तेज हो सकती है। फरवरी में ही पारा 30 डिग्री पार कर जाना इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में लू जैसी परिस्थितियां भी जल्दी बन सकती हैं।
स्वास्थ्य को ले सजग रहने की जरूरत
स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। दोपहर बदलते मौसम के अनुसार पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि तापमान में अचानक वृद्धि से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। सर्दी की विदाई के साथ ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। फरवरी में ही बढ़ते तापमान ने लोगों को आने वाले मौसम का संकेत दे दिया है।
32 डिग्री तक जाएगा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 7 दिनों तक बिहार में मौसम शुष्क बना रह सकता है। अगले 3-4 दिनों तक बिहार के अनेक स्थानों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण औऱ गोपालगंज में आज और कल अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके अलावा 26, 27, 28 फरवरी और 01 मार्च को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में भी दो दिनों तक अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस रह सकत है। इसके बाद 01 मार्च तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकत है। उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार में भी अघिकतम और न्यूनतम तापमान ऐसा ही बना रह सकता है।
दक्षिण पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल तथा दक्षिण मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा,नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में भी आज और कल अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके अलावा 26, 27, 28 फरवरी और 01 मार्च को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।




साइन इन