झुग्गी झोपड़ियों के रहवर गर्मी से परेशान
आमस प्रखंड भीषण गर्मी और लू से प्रभावित है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गरीब और महादलित परिवारों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। पंखे भी गर्म हवा उगल रहे हैं और पेयजल संकट गहरा गया है। कई टोलों में जलापूर्ति नहीं हो रही, जिससे ग्रामीणों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।

आमस प्रखंड भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। सुबह नौ बजे से देर शाम तक चल रही गर्म पछुआ हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रात में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। सबसे अधिक परेशानी मजदूरी कर पेट पालने वाले गरीब और महादलित परिवारों को हो रही है। झुग्गी-झोपड़ी और करकट वाले घरों में दिन में रहना मुश्किल हो गया है। तिलैया के मेथर मांझी, दुखी मांझी और नंदू ने बताया कि तेज गर्म हवा के बीच पंखा भी आग उगल रहा है, जिससे दिन पेड़ की छांव में और रात खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ रही है।
तेतरिया के दिलीप मांझी ने बताया कि महादलित टोलों में पेयजल संकट भी गहरा गया है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अधिकांश चापाकल जवाब देने लगे हैं। कुछ से पानी निकल रहा है, लेकिन पर्याप्त नहीं है। नल-जल योजना की स्थिति भी खराब है और कई टोलों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही। तेतरिया के कटसवा टोले में महीनों से नल का जल नहीं पहुंचा है। यहां रहने वाले गरीब मांझी परिवार बधार में लगे मोटर पंप से पानी लाकर काम चला रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन