बिहार में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा, यूपी के 4 कलाकारों की मौत और 6 जख्मी; ट्रक-पिकअप की टक्कर
बताया जा रहा है कि यूपी के बलिया के रहने वाले पिकअप पर सवार कलाकार छोटा ब्रह्मपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सुबह लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक औऱ पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। सड़क पर हुए हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई।

बिहार के छपरा जिले में सुबह-सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। इस सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के चार लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, भगवानबाजार थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑर्केस्ट्रा के चार कलाकारों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा डॉ. पीएन सिंह डिग्री कॉलेज के समीप उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
मृतकों में दो महिला कलाकार भी शामिल हैं, जिससे घटना और भी हृदयविदारक बन गई है। सभी कलाकार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वे छोटा ब्रह्मपुर में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से निकालकर मदद शुरू की। सूचना मिलने पर भगवानबाजार थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में छपरा सदर अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायलों में कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इस घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




साइन इन