बिहार : कोइलवर में सोन पर देश का दूसरा फोरलेन रेल पुल बनाने का प्लान, एक साथ गुजरेंगी 3 ट्रेनें
कोइलवर पुल के समानांतर ही नए पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद नए और पुराने पुल को मिलाकर एक साथ तीन-तीन ट्रेनें आ और जा सकेंगी। वर्तमान में दो लाइन होने के चलते अप और डाउन में एक-एक ट्रेनों की आवाजाही एक समय में होती है।

Bihar News: कोइलवर में सोन पर देश का दूसरा चार लेन रेल पुल बनेगा। पूर्व मध्य रेलवे ने इसका प्रस्ताव बोर्ड को भेजा है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने से पूर्व योजना रिपोर्ट तैयार करने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसी माह जांच रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को सौंपी जाएगी। इसके निर्माण पर लगभग 3500 से 4000 करोड़ रुपये की लागत आएगी। ऐसे में केंद्रीय कैबिनेट से भी मंजूरी लेनी होगी।
कोइलवर पुल के समानांतर ही नए पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद नए और पुराने पुल को मिलाकर एक साथ तीन-तीन ट्रेनें आ और जा सकेंगी। वर्तमान में दो लाइन होने के चलते अप और डाउन में एक-एक ट्रेनों की आवाजाही एक समय में होती है। हावड़ा- पटना- डीडीयू रेलखंड पर ट्रेन का अधिक दबाव होने से समय पालन करने में रेलवे को परेशानी होती है।
हाल ही में पूर्व मध्य रेल की ओर से डीडीयू से गया जी होते हुए प्रधानखांटा तक ट्रेन को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर सफल ट्रायल किया गया। रेलवे द्वारा निर्देश दिया गया है की विशेष कर मुख्य मार्ग की ट्रेनों का आवागमन ट्रेन की वास्तविक रफ्तार से हो, इसके लिए सभी तरह के जरूरी कदम उठाए जाएं।
डीडीयू से झाझा तक तीसरी और चौथी लाइन का होना है निर्माण
रेलवे की ओर से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए रेल लाइन का विस्तार किया जा रहा है। मौजूदा समय में कई सेमी हाई स्पीड ट्रेन का परिचालन हो रहा है। लेकिन, क्षमता के अनुसार व्यवस्था नहीं होने से ट्रेन की गति को कम कर चलाया जा रहा है। वहीं ट्रेन को वास्तविक गति से चलाने के लिए डीडीयू से झाझा तक लगभग 17 हजार करोड़ रुपये से आधुनिक तीसरी और चौथी लाइन का निर्माण होना है।
इसमें रेलवे द्वारा लगभग 3600 करोड़ की लागत से फतुहा से किऊल तक तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण की मंजूरी दे दी है। वहीं डीडीयू से फतुहा तक तीसरी व चौथी और किऊल से झाझा तक सिर्फ तीसरी लाइन का निर्माण होना है। लेकिन दोनों योजन को अब तक मंजूरी नहीं मिली है। इसी विस्तारीकरण योजना के तहत कोइलवर के सोन पर चार लेन पुल का निर्माण होना है।




साइन इन