शराब पीकर पुलिस को धौंस दिखाया, पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह का भतीजा बक्सर में अरेस्ट
पुलिस का आरोप है कि उन्होंने धौंस दिखाया। नशे की हालत में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के साथ बात की। वरीय अधिकारियों की दखल के बाद सुधीर की मेडिकल जांच कराई गई। इसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

महाराजगंज के पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे सुधीर सिंह को शराब के नशे में अरेस्ट कर लिया गया। आरोप यह भी है कि वो शराब के नशे में धुत होकर पुलिस पर रौंब जमा रहे थे। बिहार के बक्सर जिले में औद्योगिक थाना की पुलिस ने नशे की हालत में सुधीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सुधीर के चचेरे भाई सारण की मांझी सीट से जदयू के विधायक हैं। मिली जानकारी के मुताबिक सुधीर सिंह बीते शनिवार की शाम इनोवा से यूपी की तरफ से आ रहे थे। वीर कुंवर सिंह सेतु पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इस बीच सुधीर सिंह की गाड़ी भी रोकी गई।
पुलिस का आरोप है कि उन्होंने धौंस दिखाया। नशे की हालत में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के साथ बात की। वरीय अधिकारियों की दखल के बाद सुधीर की मेडिकल जांच कराई गई। इसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने बताया कि शराब पीने और पुलिस से बदसलूकी के आरोप में एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया है। हालांकि देर शाम सुधीर को कोर्ट ने जमानत प्रदान कर दी।
पलिया में 69 लीटर शराब बरामद, धंधेबाज फरार
इधर बक्सर के ही राजपुर थाना के पलिया गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक घर से करीब 69 लीटर शराब बरामद किया। पुलिस के मुताबिक गुप्त सूचना मिली थी कि पलिया गांव निवासी विजय राम शराब बेचता है और उसके घर में काफी मात्रा में शराब छिपाकर रखी हुई है। बीते शनिवार की रात राजपुर थाना की पुलिस ने विजय के घर पर छापेमारी की। इस दौरान घर के विभिन्न हिस्सों से करीब 69 लीटर शराब बरामद की गई। हालांकि विजय राम नहीं पकड़ा जा सका। वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया था। ऐसे में पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।




साइन इन