Bihar Weather:सतर्क रहें! बिहार में आज से आंधी-बारिश, ठनका का येलो अलर्ट भी: आगे कैसा रहेगा मौसम
Bihar Weather:पटना में सोमवार और मंगलवार को आंशिक तौर पर बादल छाया रहेगा। जबकि, बुधवार और गुरुवार को घने बादल छाए रहने का पुर्वानुमान है। उत्तर-मध्य और उत्तर-पश्चिम भाग के 13 जिलों के कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट है।

Bihar Weather: पूरे बिहार में सोमवार को आंधी की चेतावनी है। जबकि, दक्षिण बिहार और उत्तर-पूर्वी भाग के जिलों में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। वहीं, अगले सात दिनों तक राज्य में तेज हवा चलने को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इससे खड़ी फसलों, केले के बागानों और आम के बगीचों को नुकसान की आशंका है।
पटना में सोमवार और मंगलवार को आंशिक तौर पर बादल छाया रहेगा। जबकि, बुधवार और गुरुवार को घने बादल छाए रहने का पुर्वानुमान है। उत्तर-मध्य और उत्तर-पश्चिम भाग के 13 जिलों के कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। उत्तर-पूर्वी और दक्षिण भाग के 25 जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश, ठनका और 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही 20 मार्च तक राज्य के अलग-अलग भागों में बारिश और तेज हवा की चेतावनी है। पटना मौसम विभाग के वरीय वैज्ञानिक डॉ. आनंद शंकर ने बताया कि मौसम प्रणाली के प्रभाव से राज्य के निचले वायुमंडल में आद्रता बढ़ी है। स्थानीय संवहनीय गतिविधियों का भी प्रभाव है।
मुजफ्फरपुर में कैसा रहेगा मौसम
मुजफ्फरपुर जिले में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर रविवार को भी जारी रहा। पिछले तीन दिनों से गिर रहे अधिकतम तापमान में रविवार को आंशिक बढ़ोतरी हुई। वहीं, न्यूनतम तापमान में मामूली कमी आई। इसके बावजूद अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बने रहे।
ग्रमाीण मौसम विज्ञान विभाग के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार के अनुसार सोमवार को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जबकि मध्यम गति से पुरवा हवा चलती रहेगी। मंगलवार के बाद से हवा के रुख में बदलाव की संभावना बन रही है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा। यह 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
16-17 मार्च को हल्की बारिश की संभावना
बेगूसराय जिले में पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। दिन चढ़ते ही एक ओर जहां भीषण धूप का सामना हो रहा है वहीं सुबह शाम आकाश में धुंध छाई रहती है। ऐसे में पूसा स्थित मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अगले चार दिनों के लिए जारी पूर्वानुमान में मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण उत्तर बिहार के सभी जिलों के अधिकांश स्थानों पर 16-17 मार्च के बीच हल्की वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने, कुछ जगहों पर तेज हवा चलने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।
इसके अतिरिक्त अन्य दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। औसतन 4-6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से मुख्यतः पुरवा हवा चलने का अनुमान है। 17-18 मार्च के आसपास तेज हवा चल सकती है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 85% तथा दोपहर में 20 से 25% रहने की संभावना है। मौसम में संभावित परिवर्तन को लेकर जनजीवन पर सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना है।




साइन इन