बिहार के छपरा में शराब कांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मारी गोली, पिस्टल छीन भाग रहा था सूरज
Chapra Police Encounter: जानकारी के मुताबिक, छपरा में मशरक कांड के मुख्य आरोपी को कटिहार से गिरफ्तार कर एसआईटी छपरा ला रही थी तभी उसने पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला।

Chapra Police Encounter: बिहार के छपरा जिले में जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने बड़ा ऐक्शन लिया है। पुलिस ने मशरक शराब कांड के मुख्य आरोपित सूरज महतो को गोली मार दी है। दरअसल सूरज महतो और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से सूरज महतो जख्मी हो गया है। पुलिस मुठभेड़ में घायल सूरज महतो को पैर में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि पानापुर और मशरक की सीमा पर सोमवार की सुबह कर्णकुदरिया के पास पुलिस के साथ सूरज की मुठभेड़ हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मशरक कांड के मुख्य आरोपी को कटिहार से गिरफ्तार कर एसआईटी छपरा ला रही थी तभी उसने पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। इसी क्रम में पुलिस की गोली लगने से सूरज महतो जख्मी हो गया। जिसके बाद अब सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस को अंदेशा है कि सूरज महतो ही मशरक में हुई जरहीली शराब कांड का मुख्य अभियुक्त है। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। एसएसपी के आदेश पर एसटीएफ का भी गठन किया गया था। बता दें कि हाल ही में छपरा जिले में जहरीली शराब कांड का कहर देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि जिले के मशरक औऱ पानापुर में 5 लोगों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। माना जा रहा है कि यह सभी मौतें जहरीली शराब पीने से हुई हैं। इतना ही नहीं मशरक में 8 लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई है। मरने वालों में एक शराब का धंधेबाज भी बताया जा रहा है। धंधेबाज का नाम रघुबर महतो है। रघुबर महतो को पुलिस ने गिरफ्तार किया थ। लेकिन अगले ही दिन उसकी पुलिस अभिरक्षा में मौत हो गई थी।
24 घंटे में 43 अभियुक्त बंदी
इधर छपरा जिले में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सीनियर एसपी विनीत कुमार के निर्देश पर जिले भर में चलाए गए अभियान के दौरान शराब कारोबारियों समेत कुल 43 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही भारी मात्रा में अवैध शराब और कई अन्य सामान भी जब्त किए गए। अभियान के दौरान शराब सेवन के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 15 अभियुक्तों को पकड़ा गया।
इसके अलावा पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी, वारंट के दो अभियुक्त, हत्या के प्रयास के दो आरोपी, आर्म्स एक्ट के एक आरोपी और साइबर धोखाधड़ी के एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं चोरी के दो मामलों में दो अभियुक्तों को पकड़ा गया, जबकि अन्य मामलों में सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 1346.5 लीटर अवैध शराब जब्त की। इसमें 146.3 लीटर देशी शराब तथा 1200.2 लीटर विदेशी शराब शामिल है।
इसके अलावा शराब के अवैध कारोबार में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल, दो चार पहिया वाहन और एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस ने एक मोबाइल फोन, एक अपहृता और ताश का एक सेट भी बरामद किया है।यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जिले में चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 113 वाहनों से 2,11,500 रुपये जुर्माना राशि वसूली गई। एडिशनल एसपी राम पुकार सिंह ने बताया कि अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




साइन इन