Bihar Rajya Sabha Election Highlights: बिहार में NDA सारी सीटें जीती, RJD हारी; नीतीश, नितिन, शिवेश की पहली पारी
Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार में एनडीए ने राज्यसभा की सभी 5 सीटों को जीत लिया है। एनडीए से नीतीश कुमार, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम जीत गए हैं। राजद के अमरेंद्रधारी सिंह हार गए।

Bihar Rajya Sabha Election NDA Highlights: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) बिहार से राज्यसभा की सभी 5 सीटें जीत गया है। एनडीए के कैंडिडेट नीतीश कुमार, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम मतगणना के बाद विजयी घोषित कर दिए गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के उम्मीदवार अमरेंद्रधारी सिंह उर्फ एडी सिंह हार गए। चुनाव में कांग्रेस और राजद के 4 विधायकों ने वोट नहीं डाला, जिसने 5वीं सीट पर शिवेश राम का पलड़ा एडी सिंह के मुकाबले भारी कर दिया। तेजस्वी यादव ने अपने कैंडिडेट की जीत के लिए एआईएमआईएम से लेकर बसपा के विधायकों का समर्थन जुटा लिया था, लेकिन महागठबंधन के ही विधायक ही मैनेज नहीं हो पाए।
राज्यसभा चुनाव में 239 विधायकों ने वोट डाला। कांग्रेस के 3 और राजद के 1 विधायक ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया, जिसका फायदा एनडीए के पांचवें कैंडिडेट शिवेश को मिला। कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह, सुरेंद्र कुशवाहा, मनोज विश्वास और राजद के विधायक फैसल रहमान ने वोट नहीं डाला। पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने जीत के परस्पर दावे किए थे, लेकिन इस वजह से राजद के एडी सिंह की जीत की संभावना खत्म हो गई थी।
एनडीए के 5 कैंडिडेट में तीन अपनी-अपनी पार्टी के अध्यक्ष
इस चुनाव में राजग के तीन घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष- जदयू के नीतीश कुमार, भाजपा के नितिन नवीन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के उपेंद्र कुशवाहा- मैदान में थे। राजग के अन्य प्रत्याशी में जदयू के केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने 'हैट्रिक' लगाई है तो भाजपा के प्रदेश महासचिव शिवेश राम ने राज्यसभा में नीतीश और नितिन के साथ पहली पारी शुरू की है। उपेंद्र कुशवाहा इस समय भी राज्यसभा के सांसद हैं।
अनंत सिंह अब नहीं लड़ेंगे चुनाव, कहा- नीतीश नहीं तो वो भी नहीं, बेटा को लड़ाएंगे आगे
मोकामा से जदयू के विधायक अनंत सिंह वोट डालने के लिए जेल से विधानसभा पहुंचे। अनंत सिंह ने वोट डालने के बाद जेल लौटने से पहले मीडिया से बातचीत में ऐलान किया कि अब वो आगे चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसी के साथ ही अनंत सिंह ने यह भी कहा कि अब उनके बेटे चुनाव लड़ेंगे। अनंत सिंह ने कहा कि जब नीतीश कुमार सीएम नहीं रहेंगे तो वो भी आगे नहीं लड़ेंगे।
Bihar Rajya Sabha Election Live Updates:
21:17 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन के पास आवश्यक 41 से ज्यादा वोट थे, लेकिन भाजपा ने पैसे और सत्ता के बल पर महागठबंधन के चार विधायकों को वोट देने से रोक दिया। भाजपा को लोकतंत्र नहीं, अर्थतंत्र और सत्ता तंत्र पर भरोसा है।
21:16 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के सभी पांचों उम्मीदवारों की जीत पर खुशी जाहिर की है और उन्हें जीत की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन और न्याय के साथ विकास के नीति की जीत है। उन्होंने एनडीए के सभी विधायकों का आभार जताते हुए कहा कि सभी ने एकजुट होकर उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया।
21:15 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद पार्टी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। पार्टी कार्यालय में नेताओं और कार्यकत्ताओं उनका भव्य स्वागत किया। पार्टी कार्यालय में पटाखे भी फूटे और जश्न का माहौल रहा।
21:13 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live:दूसरी बार राज्यसभा जाने के वंचित रहे महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्रधारी सिंह ने कहा है कि वे जीतकर हार गए। हॉर्स ट्रेडिंग के कारण उनकी हार हुई। अपने लोगों ने ही वोट नहीं दिया।
20:30 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव में हार के बाद महागठबंधन प्रत्याशी अमरेंद्र धारी सिंह उर्फ एडी सिंह ने कहा कि हम जीत के बावजूद हार गए हैं। हमारे विधायकों के बीच हॉर्स ट्रेडिंग हुई है।
19:55 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के सभी पांचों उम्मीदवारों की जीत पर खुशी जाहिर की है और उन्हें जीत की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन और न्याय के साथ विकास के नीति की जीत है। उन्होंने एनडीए के सभी विधायकों का आभार जताते हुए कहा कि सभी ने एकजुट होकर उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया।
19:53 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन के पास आवश्यक 41 से ज्यादा वोट थे, लेकिन भाजपा ने पैसे और सत्ता के बल पर महागठबंधन के चार विधायकों को वोट देने से रोक दिया। भाजपा को लोकतंत्र नहीं, अर्थतंत्र और सत्ता तंत्र पर भरोसा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा को न लोकतंत्र पर भरोसा है, न वह संविधान को मानती है। उसका मकसद येन केन प्रकारेण सत्ता में बने रहना है। पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी पैसे के बल पर वोट लिया गया और एक बार फिर राज्यसभा चुनाव में अर्थतंत्र के बल पर विधायकों की खरीद की गई।
19:50 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव में ढाका से राजद के विधायक फैसल रहमान के वोट देने नहीं देने पर राजद ने इसे जनता के साथ धोखा बताया है। विधायक के खिलाफ कार्रवाई के भी संकेत दिए। पार्टी नेतृत्व जल्द ही फैसल रहमान पर कोई निर्णय लेगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव फैसल रहमान के इस आचरण से नाखुश बताए जा रहे हैं।
19.45 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर हमारे विधायकों ने धोखा नहीं दिया होता, तो हम जीत जाते। हमारे विधायकों की गैरहाजिरी पर प्रक्रिया बाद में देखी जाएगी। हम बीजेपी के खिलाफ लड़ते रहेंगे। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भाजपा देश में भाईचारा समाप्त करने की कोशिश कर रही है। संविधान, लोकतंत्र को समाप्त किया जा रहा है। मशीन तंत्र और धनतंत्र के बल पर चुनाव जीते जा रहे हैं। सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों के बल पर विधायकों को डरा-धमकाकर खरीदने की खतरनाक परम्परा शुरू हुई है लेकिन इसका अंत होगा। तेजस्वी ने कहा कि रावण कितना बलशाली था। वह अपना अंत नहीं समझता था, लेकिन एक बाण ने ही उसे खत्म कर दिया। भाजपा का भी अंत होगा।
19.18 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: नीतीश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने राज्यसभा चुनाव में एनडीए की जीत पर कहा कि हम विधानसभा सत्र से कह रहे थे कि हम पांचों सीट जीतेंगे। विधायकों की जो संख्या है तो उसके मुताबिक हमें जीतना ही था।
19.16 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि कांग्रेस में कोई लीडरशिप नहीं है। सीएम नीतीश ने बिहार को बदला है। सांसद के तौर पर भी नीतीश कुमार का कार्यकाल बेहतरीन रहा है। एनडीए के सभी 5 प्रत्याशी जीतने में सफल रहे हैं।
19.15 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: एनडीए की पांचों सीट पर जीत के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नितिन नवीन को जीत की बधाई दी।
19.14 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में वोट नहीं देने वाले विधायकों के खिलाफ कांग्रेस कार्रवाई करेगी। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन विधायकों ने जो किया उससे लोकतंत्र शर्मसार हुआ है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही केंद्रीय हाईकमान को भेजी जाएगी। हाईकमान पार्टी की नियमावली और सिद्धांतों के अनुरूप उचित कार्रवाई करेगा। आज जो स्थिति बनी है, वह पार्टी के लिए बड़ा झटका है। कल तक ये तीनों विधायक पार्टी नेतृत्व के संपर्क में थे, लेकिन अचानक उन्होंने ऐसा फैसला क्यों लिया, यह समझ से परे है। पूरे मामले की रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
19.11 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के अध्यक्ष एवं मंत्री संतोष कुमार सुमन ने राज्यसभा चुनाव में एनडीए की जीत को एकजुटता और मजबूत नेतृत्व का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के कई विधायक मतदान के समय गायब रहे। यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि महागठबंधन के अंदर भारी असंतोष और अविश्वास है। उन्होंने कहा कि जिस गठबंधन के नेता अपने ही विधायकों को एकजुट नहीं रख पा रहे हों, उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
18.55 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव में एनडीए ने 5 की 5 सीट जीत ली है। उसके कैंडिडेट नीतीश कुमार, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम जीत गए हैं। राजद कैंडिडेट अमरेंद्रधारी सिंह हार गए हैं।
17.05 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर वोटिंग खत्म होने के बाद अब वोटों की गिनती शुरू हो गई है। महागठबंधन के 4 विधायक मतदान में शामिल नहीं हुए।
16.03 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। अब 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट डाला है। राजद के पक्ष में 37 विधायकों का वोट पड़ा। चार विधायकों ने वोट नहीं डाला है। कांग्रेस के सुरेंद्र प्रसाद, मनोहर प्रसाद और मनोज विश्वास के अलावा राजद के फैसल रहमान नहीं पहुंचे।
15.40 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राजद महासचिव रणविजय साहु ने महागठबंधन के 4 विधायकों के मतदान से अनुपस्थित रहने पर कहा कि हम लोग अब भी उनका इंतजार कर रहे हैं। पार्टी ने उन्हें विधायक बनाया है, ऐसे में उन्हें पार्टी के प्रति अपने दायित्व का पालन करना चाहिए।
15.35 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: कांग्रेस के तीन विधायकों के राज्यसभा चुनाव में मतदान से अनुपस्थित रहने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि हम लोग उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। अभी भी एक घंटा समय बाकी है, ऐसे में कुछ भी हो सकता है। बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह ‘ऑपरेशन लोटस’ जैसी रणनीति अपनाती रही है।
14.50 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि अभी इंतजार करिए। 4 बजे तक वोटिंग का समय है, समय खत्म होने के बाद भी अगर विधायक नहीं आए तब कुछ कहेंगे। तेजस्वी ने कहा कि पहले चुनाव का परिणाम आने दिया जाए, उसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किसने क्रॉस वोटिंग की है। उन्होंने कहा कि अभी तक मतदान की पूरी प्रक्रिया और नतीजे सामने नहीं आए हैं, इसलिए किसी पर आरोप लगाना ठीक नहीं है। एक बार रिजल्ट आ जाने दीजिए, उसके बाद सब साफ हो जाएगा कि किसने किस पर जवाब दिया और किसने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन के विधायकों की संख्या मिलाकर 41 होती है, जो एक सीट जीतने के लिए पर्याप्त है। ऐसे में नतीजे आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
14.47 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर वोटिंग जारी है। इस बीत अभी तक चार विधायकों ने वोट नहीं डाला है। ये सभी महागठबंधन के हैं। जिसमें कांग्रेस के सुरेंद्र प्रसाद, मनोहर प्रसाद और मनोज विश्वास के अलावा राजद के फैसल रहमान अभी तक नहीं पहुंचे हैं।
13.57 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "NDA के पांचों प्रत्याशी जीतेंगे। चुनाव के समय बहुत लोग अपनी अंतरात्मा पर भी वोट देते हैं... हम आश्वस्त हैं कि हम बड़े मार्जिन से जीतेंगे..."
13.44 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव में अब तक चार विधायकों ने वोट नहीं डाला है। इनमें कांग्रेस के सुरेंद्र प्रसाद, मनोहर प्रसाद और मनोज विश्वास के अलावा राजद के फैसल रहमान अभी तक नहीं पहुंचे हैं।
13.32 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार में राज्यसभा चुनाव के बीच तेजस्वी के कमरे से निकलती जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी और समधन जब निकलती नजर आईं तो इसपर खूब चर्चा हुई। अब इसपर हम की तरफ से सफाई दी गई है। HAM के प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने बताया कि दोनों विधायक बिना नेम प्लेट देखे गलती से चेंबर में चली गई थी.. ऐसा कुछ भी नहीं है.. शाम में जब नतीजे आएंगे तो सब साफ हो जाएगा।
13.16 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भी सभी सीटों पर एनडीए जीतेगा।
13.02 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा, “एनडीए पूरी तरह एकजुट है। एनडीए के सभी लोग अपने पांचों उम्मीदवारों को जिताने के लिए संकल्पित हैं। लगभग सभी ने मतदान कर दिया है।”
12.57 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए तेजस्वी यादव लाइन में खड़े दिखे। तेजस्वी यादव ने इस चुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी की जीत का दावा किया है।
12.53 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "इसमें कोई दो राय नहीं है कि बिहार में जो राज्यसभा चुनाव हो रहे हैं उसमें NDA पांचों सीटें जीतेगा... सब सशक्त नेतृत्व चाहते हैं। कोई कमजोर नेतृत्व नहीं चाहता। इसमें कोई शंका नहीं है कि INDI गठबंधन पूरी तरह से बिखरता नजर आ रहा है फिर चाहे वह बिहार हो या बंगाल... हमारे लिए वे(नीतीश कुमार) नेता से ज्यादा एक अभिभावक हैं, उन्होंने बिहार के लिए जो किया है, बिहार की धरती हमेशा उनकी ऋणी रहेगी... बिहार हमेशा उनके साथ रहेगा, बिहार हमेशा उनका आभारी रहेगा।"
12.48 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: वीलचेयर से वोट देने पहुंचे जदयू विधायक निरंजन मेहता ने बताया है कि विधानसभा में बीजेपी के कोटे के सभी 89 विधायकों ने वोट डाल दिया है। लोजपा के 19 विधायकों ने भी मतदान किया है। वहीं हम के 5, आरएलएम के सभी 4 और जदयू के अब तक 83 विधायकों ने वोट डाला है। जदयू के बुल्लो मंडल और अजीत कुमार अब तक वोट देने नहीं पहुंचे हैं।
12.40 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "NDA की पांचों सीटों पर जीत होगी... यह विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ, दबाव की राजनीति है, एक वैचारिक लड़ाई है। दबाव वाली लड़ाई में जितना दबाव ले पाते हैं, लेते हैं और फिर नहीं ले पाते तो भाग जाते हैं... तेजस्वी यादव को अपनी राजनीति और अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए..."
12.30 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव के बीच HAM पार्टी की ज्योति मांझी और दीपा मांझी विधानसभा में तेजस्वी यादव के कमरे से निकलती नजर आईं। इसे लेकर चर्चा का बाजार गर्म हो गया। उनके साथ एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल ईमान और अन्य विधायक भी नजर आए।
12.16 PM- Bihar Rajya Sabha Election Live: RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "आज बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए जो वोटिंग हो रही है, उसमें महागठबंधन और विपक्ष के उम्मीदवार की जीत निश्चित है। चाहें NDA जितना जोर लगा ले लेकिन जीत हमारे प्रत्याशी अमरेंद्र धारी की ही होगी... जो लोग कह रहे हैं कि महागठबंधन के कांग्रेस के विधायक गायब हैं, वे सभी आ चुके हैं। हमारा गठबंधन एकजुट है।"
11.57 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: कांग्रेस विधायक अबिदुर रहमान ने कहा, "...आज मतदान है। एक सीट पर हमारी, महागठबंधन की जीत होगी...कोई विधायक नाराज नहीं हैं...जीत को लेकर हम लोग 100% आश्वस्त हैं..."
11.46 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "हमारी पार्टी के सभी विधायकों ने वोट दे दिया। जीत हमारी शत प्रतिशत सुनिश्चित है। पांचों के पांच उम्मीदवार जीत रहे हैं..." राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, "6 बजे पता चल जाएगा कि उनकी जीत होगी या हमारी... विधायक अपनी समझ से वोट करेंगे। किसी के साथ जोर-जबरदस्ती कोई नहीं करता।"
11.31 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, "NDA पांचों सीटों पर बहुत बड़ी संख्या के साथ जीतेगी। हम लोगों को बहुत समर्थन है। आज शाम को नतीजे आएंगे..." 5 राज्यों/UTs में चुनाव की तारीखों के ऐलान पर उन्होंने कहा, “असम और बंगाल में हम देख रहे हैं कि बड़े मार्जिन के साथ NDA और भाजपा जीतेगी... केंद्र सरकार पर लोगों को भरोसा है और खासकर बंगाल में जो वर्तमान सरकार चल रही है, लोग परिवर्तन के लिए तैयार हैं जो दिखाई दे रहा है...”RJD विधायकों को होटल में रखे जाने पर उन्होंने कहा, "...इसका मतलब की आपको विधायकों पर और विधायकों को आप पर भरोसा नहीं है..."
11.21 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "हम शत प्रतिशत जीत का दावा करते हैं। हमारे उम्मीदवार 41 वोटों से ज्यादा वोट लाएंगे..." उन्होंने आगे कहा, "सरकार की ओर से तो बहुत लोगों को ऑफर दिया जा रहा था। ये ऑफर सांप्रदायिक शक्तियों के द्वारा दिया जा रहा था लेकिन यहां पर सेक्युलर को मानने वाले लोग हैं..."
11.15 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "...जीवों की तरह जन प्रतिनिधि बिकते हैं... जनता इसलिए हमें चुनकर नहीं भेजती है कि हम अपना ईमान या चरित्र बेंच दें। जिस तरह से लोग बिक रहे हैं, वो आप जानते ही हैं। उसके बाद आप जनता का भला क्या करेंगे?..."
11.11 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: JDU नेता अनंत कुमार सिंह ने नीतीश कुमार के बाद कौन मुख्यमंत्री होगा इस सवाल पर कहा, "...ये तो हमें नहीं पता लेकिन जो भी होगा वो नीतीश कुमार निर्णय लेंगे।" अनंत सिंह ने कहा कि 1-2 महीने में वो जेल से बाहर आ जाएंगे। समर्थक उदास नहीं हैं। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि यह उनका अंतिम चुनाव था अब वो चुनाव नहीं लड़ेंगें। अनंत सिंह ने आगे यह भी कहा कि अब आगे बाल-बच्चे चुनाव लड़ेंगे।
11.06 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने 5 राज्यों/UTs में चुनाव की तारीखों के ऐलान पर कहा, “...सभी राज्यों में इस बार NDA की सरकार आएगी।” राज्यसभा चुनाव पर उन्होंने कहा, "पांचों सीट हम लोग जीतने जा रहे हैं। इंतजार कीजिए गिनती का... दावा करने के लिए उन्हें(तेजस्वी यादव) किसी ने रोका है?..."
10.50 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: अनंत सिंह ने राज्यसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अनंत सिंह वोट डालने के लिए विधानसभा पहुंचे थे। वोट डालने के बाद वो वापस बेउर जेल चले गए। बेउर जेल से वो विशेष वाहन से विधानसभा आए थे।
10.48 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर वोटिंग जारी है। इस बीच एआईएमआईएम के विधायक अख्तरूल ईमान विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के कमरे में गए। जिसके बाद लाल बत्ती जल गई। यहां लाल बत्ती का मतलब यह हुआ कि किसी के भी इस कमरे में प्रवेश में रोक लगा दी गई।
10.33 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: RJD विधायक रणविजय साहू ने कहा, "निश्चित तौर पर ये केवल राज्यसभा का चुनाव नहीं है बल्कि बिहार और देश का चुनाव है…" उन्होंने आगे कहा, "कोई रडार से बाहर नहीं है, NDA के लोग रडार से बाहर हो गए हैं... आंकड़ा 50 तक जाएगा। लोगों का हमें समर्थन है...गठबंधन के तमाम लोग साथ में हैं।"
10.23 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: आरएलएम प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा, "...मतगणना आज ही होनी है तो नतीजे भी उसी रूप में आएगा जिसके बारे में हम बार-बार बता रहे हैं...धीरे-धीरे जब राजद ही बिहार के राजनीतिक परिदृश्य से गायब हो रही है तो उनके विधायक गायब होते हैं तो उस पर हम क्या कहें। इसकी कोई खबर नहीं है... NDA के पांचों उम्मीदवारों की जीत 100% से ज्यादा सुनिश्चित है।"
10.14 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: एआइएमआइएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने तेजस्वी प्रसाद यादव को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने सोमवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा कि मेरे विधायक को को जो तोड़ने का काम राजद ने किया था वह पहले था, मैं उनके साथ देने जा रहा हूं।
10.08 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के लिए जेल में बंद मोकामा के विधायक अनंत सिंह भी विधानसभा पहुंचे। जदयू विधायक अनंत सिंह पिछले कई दिनों से चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में बंद हैं।
10.03 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "हम पहली बार वोट करने जा रहे हैं। पिछले कई दिनों से हम बैठकें कर रहे थे ताकि इस प्रक्रिया में कोई भी गलती न हो... NDA जीतेगी।
9.51 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: महागठबंधन ने दावा किया है कि 39 विधायक विधानसभा पहुंच चुके हैं। कांग्रेस के सुरेंद्र प्रसाद और मनोज विश्वास अभी तक नहीं पहुंचे। सभी उनका इंतजार कर रहे हैं।
9.47 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: JDU विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, "हमने वोट दे दिया... नीतीश कुमार हमारे उम्मीदवार हैं उन्हीं को हमने अपना समर्थन दिया है... मुख्यमंत्री JDU का होना चाहिए..."
9.44 AM-Bihar Rajya Sabha Election Live: राजद ने दावा किया है कि पार्टी के सभी 25 विधायक विधान सभा पहुँच चुके हैँ। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव विधायकों के साथ मंथन कर रहे हैँ।
9.40 AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: मतदान के बीच तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि वो चुनाव जीतेंगे। तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि एआईएमआईएम और बसपा ने उनके उम्मीदवार का समर्थन किया है। तो इस तरह हमारी संख्या 41 हो जाती है। हमारे पास 6 नंबर कम हो रहे थे और एनडीए के 3..फिर भी हमने चुनौती को स्वीकार किया और हर काम किया। इसी वजह से हमें एआईएमआईएम और बसपा का समर्थन मिला है। हम बीजेपी की विचारधारा के आगे झुकेंगे नहीं।
9.34AM- Bihar Rajya Sabha Election Live: केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी अपने विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचे हैं। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय भी पहुंचे हैं।
9.31AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन विधायकों को लेकर संशय बना हुआ है। तीनों विधायक नहीं पहुंचे हैं। हालांकि, पक्ष-विपक्ष दोनों ही तरफ से जीत का दावा किया जा रहा है। राजद के विधायक कुमार सर्वजीत ने जीत का दावा किया है।
9.22AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार में वोटिंग जारी है। भाजपा विधायक विनय बिहारी ने कहा, "हमारे जो पांच प्रत्याशी हैं, पांचों के पांच विजय हासिल करेंगे और उसके लिए हम कतार में लगे हैं..." JDU विधायक श्याम रजक ने कहा, "पांचों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है, इसमें कोई दो राय नहीं है... सभी वोटर्स पहुंच चुके हैं..."
9.20AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि इस चुनाव को लेकर विधायकों में उत्साह है। जो विधायक राज्यसभा चुनाव में अपने प्रतिनिधि को चुनेंगे वो प्रतिनिधि केंद्र में रहकर बिहार और केंद्र के सहयोग से बिहार के विकास के लिए काम करेंगे।
9.06AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: बिहार में राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार विधानसभा पहुंच चुके हैं। पक्ष और विपक्ष दोनों ही पार्टियों ने इस चुनाव में पर्याप्त संख्या बल होने का दावा किया है।
8.43AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान के आवास पर रविवार को आयोजित इफ्तार में तेजस्वी प्रसाद यादव पहुंचे। इसके बाद राज्यसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने राजद को समर्थन का ऐलान किया।
8.43AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: महागठबंधन के विधायक पटना के होटल में मौजूद रहे। लेकिन राजद के एक विधायक यहां नहीं आए हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने दावा किया है कि राज्यसभा चुनाव में बसपा का समर्थन उसे मिल रहा है। हालांकि, अभी तक इसपर बसपा विधायक का बयान सामने नहीं आया है।
8.23 AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: सबकी निगाहें कांग्रेस विधायकों पर टिकी हुई हैं। कांग्रेस के छह विधायकों में से एक रालोमो सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा के करीबी हैं। वहीं, एक अन्य विधायक जदयू से आए हुए हैं। शेष बचे चार में से तीन नए हैं। अभी तक पार्टी विधायक दल नेता और सचेतक का भी चुनाव नहीं कर पाई है।
विधानसभा में बिना नेतृत्व के ही विधायक चुनाव में भाग लेंगे। ऐसे में एनडीए खेमा की नजर इन सभी पर है। हालांकि, रविवार देर रात तक सभी विधायकों होटल नहीं पहुंचने पर कयासों का दौर भी शुरू हो गया। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने दावा किया कि पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। महागठबंधन प्रत्याशी की जीत होगी।
8.07 AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए में तीन दिनों से बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में जीत की रणनीति को आखिरी अंजाम पर पहुंचाने के लिए रविवार को सुबह से शाम तक अलग-अलग मंथन चला। शाम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर एनडीए विधायकों की बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। साथ ही एनडीए घटकदलों के सभी प्रमुख नेता और विधायक शामिल हुए। इससे पहले दोपहर दो बजे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर मॉक पोल हुआ, जिसमें मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
वहीं, सुबह दस बजे जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पर एनडीए के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसमें भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार आदि उपस्थित थे।
7.57 AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: मतदान कक्ष के अंदर मोबाइल आदि को ले जाने की इजाजत विधायकों को नहीं होगी। मतदान कक्ष में रखी बैगनी स्कैच पेन का उपयोग ही विधायकों को मदतान में करना है। किसी और पेन से मतदान करने की इजाजत नहीं होगी।
7.37 AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: राज्यसभा चुनाव में मतपत्र पर विधायक अपने पसंद के उम्मीदवार के नाम के आगे एक, दो और तीन लिखेंगे। एक का मतलब हुआ उस उम्मीदवार के पक्ष में वह विधायक पहली वरीयता का वोट दे रहा है। वहीं, दूसरी और तीसरी पसंद के नाम के आगे वह विधायक दो और तीन लिखेंगे।
7.30 AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: राज्यसभा चुनाव में हर विधायक वोट करने के बाद अपनी पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि को दिखाएंगे कि उन्होंने किस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। इसके बाद ही मतदान वैध माना जाएगा।मतदान कक्ष में हर पार्टी के प्रतिनिधि उपलब्ध रहेंगे। मतदान की तैयारियां विधानसभा के द्वारा पूरी कर ली गईं हैं। मतदान की प्रक्रिया सुबह नौ बजे शुरू होगी और शाम चार बजे तक चलेगी। पांच बजे से मतपत्रों की गिनती शुरू होगी।
7.19 AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पास केवल 25 विधायक हैं। महागठबंधन के सहयोगियों के अलावा, जिनके पास दस अतिरिक्त वोट हैं, पार्टी को अमरेंद्र धारी सिंह की जीत के लिए कम से कम छह और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है, जो लगातार दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।
7.09 AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) के विधायक और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजू तिवारी ने विजय कुमार चौधरी के आवास पर बैठक से पहले मीडियाकर्मियों से कहा, ''राजग के सभी पांचों उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे। राजग के तीन घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष - जदयू के नीतीश कुमार, भाजपा के नितिन नबीन और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के उपेंद्र कुशवाहा - चुनाव मैदान में हैं। विपक्षी नेता जो भी दावा कर रहे हैं, हमें उससे कोई फर्क नहीं पड़ता।''राजग के अन्य दो उम्मीदवारों में 'हैट्रिक' की उम्मीद लगा रहे जदयू से केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक शिवेश कुमार हैं।
6.57 AM- Rajyasabha Chunav Bihar LIVE: बिहार में पांच राज्यसभा सीटों के चुनाव की पूर्व संध्या पर रविवार को जोरदार राजनीतिक गतिविधियां देखने को मिलीं। इस चुनाव में सत्तारूढ़ राजग को जहां एकतरफा जीत मिलने की उम्मीद है, वहीं, राजद ने अपने एकमात्र उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाया। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए सोमवार को चुनाव होगा।राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) खेमे ने अपने विधायकों की कई बैठकें कीं। संसदीय कार्य मंत्री और जदयू नेता विजय कुमार चौधरी के आवास पर कम से कम दो ऐसी बैठकें की गईं। इन बैठकों में से एक में जदयू प्रमुख एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उपस्थित थे। राज्यसभा चुनाव में नीतीश ही संभवतः ऐसे उम्मीदवार हैं जिनके सबसे अधिक सुर्खियां बटोरने की उम्मीद है।




साइन इन