सुबह-सुबह भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी की बोगी में लगी आग, हड़कंप
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद प्रभावित बोगी को अलग कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में सोमवार की अहले सुबह अचानक आग लगने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग ट्रेन की जनरल बोगी में लगी, जिससे कुछ ही देर में धुआं और लपटें उठने लगीं। घटना के समय ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद अचानक आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक जनरल कोच का एक बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
बता दें कि गाड़ी संख्या 53212 सासाराम–पटना पैसेंजर का प्रारंभिक स्टेशन सासाराम है तथा इसका निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 06:45 बजे है। ट्रेन अपने निर्धारित प्रस्थान समय से काफी पूर्व आज की घटना के समय सासाराम जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 6 पर खड़ी थी और रेक पूरी तरह खाली थी। उस समय ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था। प्रभावित जनरल कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन सुबह 8:06 बजे पटना के लिए रवाना हुई।
घटना के बाद वहं कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद प्रभावित बोगी को अलग कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
रेलवे ने दी सफाई
अगलगी की इस घटना के बाद मुख्य जनसंपर्क अधिकरी सरस्वती चंद्र ने कहा कि सासाराम स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 06 पर खड़ी गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर स्थिर अवस्था में खड़ी थी तथा उस समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था। इसके बाद रेलकर्मियों ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी थी। रेलकर्मियों के सहयोग और तुरंत ऐक्शन के बाद करीब 6.05 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया था। घटना में किसी भी यात्री अथवा रेलकर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना के वजहों की जांच की जा रही है।




साइन इन